![]()
झारखंड हाइकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विभु बाखरू का तबादला झारखंड हाइकोर्ट करने की अनुशंसा की है। मंगलवार को हुई कॉलेजियम की बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह तबादला झारखंड हाइकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगा। कॉलेजियम की ओर से जारी बयान में दो हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के स्थानांतरण की सिफारिश की गई है। इसके तहत त्रिपुरा हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव को कर्नाटक हाइकोर्ट भेजने का प्रस्ताव है। वहीं, कर्नाटक हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विभु बाखरू को झारखंड हाइकोर्ट स्थानांतरित करने की अनुशंसा की गई है। नागपुर में जन्म, दिल्ली में हुई पढ़ाई-लिखाई न्यायमूर्ति विभु बाखरू का जन्म वर्ष 1966 में महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। उनकी स्कूली शिक्षा दिल्ली के मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से हुई। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया में दाखिला लिया और 21 मार्च 1985 को ठाकुर, वैद्यनाथ अय्यर एंड कंपनी में आर्टिकलशिप शुरू की। उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1989 में चार्टर्ड अकाउंटेंसी की अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 1990 में उन्होंने एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और सितंबर 1990 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाइकोर्ट में की वकालत वकालत के दौरान न्यायमूर्ति बाखरू ने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाइकोर्ट, कंपनी लॉ बोर्ड और विभिन्न न्यायाधिकरणों में प्रैक्टिस की। उनकी कानूनी दक्षता को देखते हुए दिल्ली हाइकोर्ट ने 28 जुलाई 2011 को उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया। इसके बाद 17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाइकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 18 मार्च 2015 को वह स्थायी न्यायाधीश बने। उन्होंने पांच दिसंबर 2024 से 21 जनवरी 2025 तक दिल्ली हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को उन्होंने कर्नाटक हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद उन्हें झारखंड हाइकोर्ट का अगला मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने का रास्ता खुला है।
Source link