रांची3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

आमलोगों को घर बैठे सटीक जानकारी उपलब्ध कराने और दफ्तरों के चक्कर से बचाने के उद्देश्य से बनाए गए सरकारी व सार्वजनिक उपयोगिता वाले पोर्टल खुद ही ‘बीमार’ नजर आ रहे हैं। झारखंड में ब्लड बैंक मैनेजमेंट पोर्टल, झारखंड पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और रांची यूनिवर्सिटी के रिसर्च पोर्टल पर महीनों पुराना डेटा दर्ज है। नियमित निगरानी (मॉनिटरिंग) के अभाव में ये डिजिटल प्लेटफॉर्म सुविधा के बजाय आम लोगों और मरीजों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गए हैं।
आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर खून मिल सके, इसके लिए ब्लड बैंक मैनेजमेंट पोर्टल बनाया गया है। लेकिन रांची के कई बड़े सरकारी और निजी ब्लड बैंक महीनों से अपना स्टॉक अपडेट नहीं कर रहे हैं। पोर्टल पर उपलब्ध स्टॉक देखकर जब परिजन ब्लड बैंक पहुंचते हैं, तो वहां खून नदारद मिलता है। कहीं तीन महीने से तो कहीं छह महीने से आंकड़ा अपडेट नहीं हुआ है। गंभीर मरीजों के मामले में एक-एक मिनट कीमती होता है, लेकिन गलत जानकारी के कारण परिजनों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकना पड़ रहा है। क्योंकि आमतौर पर लोग पोर्टल पर खून की उपलब्धता देखते हैं, तारीख की तरफ उनका ध्यान नहीं जाता।
पोर्टल पर रिम्स ब्लड बैंक का अंतिम डेटा 26 अगस्त 2026 का है, जबकि मणिपाल ब्लड बैंक में 13 अगस्त के बाद डेटा अपडेट नहीं है। यही हाल सीसीएल ब्लड बैंक का है। यहां छह फरवरी को तो सेवा सदन ब्लड बैंक में 25 अप्रैल को अंतिम बार डेटा अपडेट किया गया था।
| ब्लड बैंक | अंतिम अपडेट |
| रिम्स ब्लड बैंक | 26 अगस्त |
| सदर ब्लड बैंक | 19 नवंबर |
| मणिपाल ब्लड बैंक | 13 अगस्त |
| रामप्यारी ब्लड बैंक | 24 नवंबर |
| रेडक्रॉस ब्लड बैंक | अपडेट नहीं |
| सीसीएल ब्लड बैंक | 6 फरवरी |
| गुरुनानक ब्लड बैंक | 24 नवंबर |
| सेवा सदन ब्लड बैंक | 25 अप्रैल |
| मेदांता ब्लड बैंक | 14 नवंबर |
| हेल्थ प्वाइंट ब्लड बैंक | 24 नवंबर |
| सैमफोर्ड ब्लड बैंक | 24 नवंबर |
| पारस ब्लड बैंक | 24 नवंबर |
| ऑर्किड ब्लड बैंक | 24 नवंबर |
बेवजह भटक रहे मरीजों के परिजन पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर मरीज के परिजन ब्लड बैंक पहुंचते हैं। लेकिन वहां पहुंचने पर पता चलता है कि संबंधित ब्लड ग्रुप का खून उपलब्ध नहीं है या पोर्टल पर दिखाई गई जानकारी पुरानी है। इसके बाद परिजनों को दूसरे ब्लड बैंक का रुख करना पड़ता है। गंभीर मरीजों के मामले में यह स्थिति और मुश्किल पैदा करती है। एक तरफ मरीज को तत्काल रक्त की जरूरत होती है, दूसरी तरफ परिजन ब्लड बैंक खोजने और उपलब्धता की पुष्टि करने में समय गंवाते हैं। ऐसे में पोर्टल पर गलत या पुरानी जानकारी होने से इसका मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। इससे लोगों का भरोसा उठ रहा है।
व्यवस्था में सुधार करेंगे… ऑनलाइन पोर्टल का उद्देश्य ही यही है कि लोगों को सही जानकारी और स्टॉक का समय पर पता लग जाए। अगर पोर्टल अपडेट नहीं किया जा रहा है या लापरवाही बरती जा रही है, तो इसमें सुधार का निर्देश दिया जाएगा। -अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग।
आरयू का रिसर्च पोर्टल भी अधूरा, 90% विभागों के पोर्टल अपडेट नहीं रांची यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर भी रिसर्च से जुड़ी जानकारी अपडेट नहीं है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कौन-कौन से शिक्षक शोध करा रहे हैं और उनके अधीन कितने शोधार्थी हैं, इसका विवरण उपलब्ध नहीं है। करीब 90 प्रतिशत विभागों में यह जानकारी अपडेट नहीं है। इससे शोध से संबंधित जानकारी हासिल करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों को परेशानी होती है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जानकारी अपडेट नहीं होने से उसकी उपयोगिता भी प्रभावित हो रही है।
झारखंड पुलिस की वेबसाइट भी दो माह पीछे, जानकारी अपडेट नहीं झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर भी करीब दो माह पुरानी सूचना है। डिजिटल माध्यम से विभिन्न जिला में हत्या, डकैती, चोरी, दुष्कर्म, किडनैपिंग और आर्म्स एक्ट समेत अन्य जानकारी लोगों को देने की व्यवस्था तो है, लेकिन यह काम का साबित नहीं हो रही है। नवंबर में भी वेबसाइट पर सितंबर तक का ही आंकड़ा दिखा रहा है। ऐसे में लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है। दरअसल हर महीने का क्राइम रिकॉर्ड अपडेट के लिए प्लेटफॉर्म तो बना, लेकिन मॉनिटरिंग करने वाली ही नहीं है।
