![]()
धनबाद रिंग रोड जमीन अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
.
टीम ने अप्राथमिकी अभियुक्त जय निवास पांडेय उर्फ शास्त्री को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पकड़ा। गुरुवार को धनबाद की अदालत में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस गिरफ्तारी के साथ मामले में जेल जाने वाले आरोपियों की संख्या 18 हो गई है। इनमें तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी शामिल हैं।
सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए का मुआवजा निकाला
वर्ष 2016 में सामने आए इस घोटाले में आरोप है कि जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए का मुआवजा निकाला गया।
एसीबी के मुताबिक, जय निवास पांडेय पर फर्जी डीड के आधार पर करीब 15 करोड़ रुपए अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप है। जांच में उनकी पत्नी के नाम पर भी करोड़ों रुपए के लेन-देन की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, धनबाद के मौजा संख्या-51, खाता संख्या-121 और प्लॉट संख्या-1630 की जमीन से जुड़े दस्तावेजों में कथित फर्जीवाड़ा हुआ। इस जमीन पर नरसिंह दास ने 21 अक्टूबर 1970 की डीड संख्या-25560 के आधार पर दावा किया था। आरोप है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे 6 करोड़ 32 लाख 13 हजार 585 रुपये 99 पैसे का मुआवजा लिया गया।
जिला अवर निबंधक कार्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक, मूल डीड बंगला लिपि में हराधन महतो और अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थी।
आरोप है कि इसी दस्तावेज को अंग्रेजी में तैयार कर मुआवजा लेने के लिए इस्तेमाल किया गया। मामले में जय निवास पांडेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और नरसिंह दास की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
बेवजह मामले में फंसाया गया: जय निवास पांडेय
गिरफ्तारी के बाद जय निवास पांडेय ने खुद को निर्दोष बताया और आरोपों को साजिश कहा। उन्होंने कहा कि उन्हें बेवजह मामले में फंसाया गया है।
उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि न्याय पाने के लिए निचली अदालत से हाईकोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
फिलहाल, एसीबी मामले की जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी के बाद घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच तेज होने की उम्मीद है।