रांची19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दिसंबर से सभी विभागों, कॉलेजों और कार्यालयों में बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य
रांची यूनिवर्सिटी में अब शिक्षक कब आए और कब चले गए, इसका हिसाब उनका चेहरा बताएगा। विश्वविद्यालय में शिक्षकों-कर्मचारियों की उपस्थिति पर निगरानी का तरीका बदल रहा है। पीजी विभागों में फेस रिकग्निशन यानी चेहरे की पहचान से हाजिरी दर्ज करने की व्यवस्था शुरू हो गई है। अब शिक्षक को विभाग पहुंचने और वहां से निकलने, दोनों समय अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। आने और जाने का समय दर्ज होने से विवि प्रशासन के पास मॉनिटरिंग का अधिक स्पष्ट आधार होगा। इससे समय पर नहीं पहुंचने व कार्य अवधि पूरी होने से पहले चले जाने वालों की पहचान आसान होगी।
इसलिए अटेंडेंस सिस्टम में किया गया बदलाव इस व्यवस्था के पीछे केवल हाजिरी दर्ज कराने का उद्देश्य नहीं है। इसका सीधा संबंध एकेडमिक और प्रशासनिक कार्यों से है। विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने ऐसी शिकायतें आती रही हैं कि कुछ शिक्षक तय समय पर विभाग में नहीं पहुंचते और अवधि पूरी होने से पहले ही चले जाते हैं। इसका सीधा असर कार्यों पर पड़ता है। पीजी और रिसर्च के विद्यार्थियों के लिए शिक्षकों की नियमित उपलब्धता जरूरी है।
13 साल पहले फिंगरप्रिंट से हुई थी शुरुआत आरयू में बायोमेट्रिक सिस्टम की शुरुआत 1 मार्च 2013 को हुई थी। कुलपति ऑफिस के ग्राउंड फ्लोर पर पहली मशीन लगी थी। उस समय प्रशासनिक भवन के करीब 200 कर्मियों के लिए 3 मशीनें लगी थीं। तत्कालीन राज्यपाल सैयद अहमद ने फरवरी 2013 में राज्य के सभी विवि को बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया था।
दिसंबर में बनेगा रिकॉर्ड, जनवरी से वेतन पर असर आरयू प्रशासन ने 1 दिसंबर से सभी पीजी विभागों, कॉलेजों और कार्यालयों में बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। जनवरी 2027 से हाजिरी दर्ज नहीं करने वालों का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है। दिसंबर का महीना नई व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।
व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में पहल आरयू में फेस रिकग्निशन तकनीक से अटेंडेंस की व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य अटेंडेंस सिस्टम को पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाना है। यह विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों को तकनीक से जोड़ने और व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। – डॉ. राजकुमार शर्मा, रजिस्ट्रार, आरयू
