रांची19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
रांची | पोटका विधायक संजीव सरदार पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाने वाले सुवर्णरेखा नहर मंडल, चांडिल के कार्यपालक अभियंता शिवराम गागराई और सहायक अभियंता विजय तिर्की की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों अधिकारियों के खिलाफ अब विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना के तहत कार्रवाई शुरू होगी। विधायक की शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विधायक संजीव सरदार ने स्पीकर को लिखे पत्र में बताया था कि सुवर्णरेखा परियोजना की एलए-2021 योजना में अनियमितताओं और ग्रामीणों की शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया था। जवाबदेही तय करने के दौरान अधिकारियों ने उन पर मारपीट का निराधार आरोप लगा दिया, जो जनप्रतिनिधि की गरिमा के खिलाफ है। बीते अक्टूबर में दोनों इंजीनियरों ने आरोप लगाया था कि विधायक ने उन्हें तुरामडीह स्थित आवास पर बुलाकर 87 करोड़ की योजना के शिलापट्ट पर फोटो नहीं होने को लेकर अभद्र व्यवहार किया और एक घंटे तक कमरे में बैठाए रखा। इसके विरोध में अभियंता संघों ने काला बिल्ला लगाकर आंदोलन और विधायक के बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी।
