रांची3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अगहन शुक्ल पंचमी 14 दिसंबर को भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का उत्सव विवाह पंचमी मनाई जाएगी। इस दिन धनिष्ठा नक्षत्र के साथ शुभ योग, रवि योग और जयद् योग का महासंयोग बन रहा है। धर्म और ज्योतिष के जानकारों के अनुसार, इस दुर्लभ संयोग में भगवान सीताराम की विधि-विधान से पूजा करने पर कुंवारी कन्याओं को मनचाहा जीवनसाथी मिलता है और विवाहित जोड़ों के रिश्तों में मिठास आती है।
साथ ही दांपत्य जीवन के क्लेश दूर होते हैं। मिथिलांचल में इस तिथि को पारंपरिक रूप से मनाया जाता है और पूरे देश में विवाह पंचमी को उत्सव जैसा मनाया जाता है। 13 दिसंबर को पंचमी तिथि दोपहर 01:37 बजे शुरू होगी और 14 दिसंबर दिन के 03:20 बजे तक रहेगी। कुसई कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम को तिलक चढ़ाया जाएगा और वहां से भव्य बारात निकलेगी। तपोवन मंदिर में विवाह के अनुष्ठान होंगे। 14 दिसंबर को दिनभर धनिष्ठा नक्षत्र और रवि योग, जबकि दोपहर बाद 3:20 बजे तक जयद् योग रहेगा। इस दिन तपोवन मंदिर से भगवान श्रीराम का विवाह होगा। कुसई कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम को तिलक चढ़ाया जाएगा और वहां से भव्य बारात निकलेगी। तपोवन में उनका पुष्प वर्षा से स्वागत होगा। इसके बाद विवाह समापन होगा। इसके साथ चुटिया स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में भी विशेष अनुष्ठान होंगे।
भगवान को फूल, इत्र और धूप-दीप अर्पित कर विशेष पूजा करेंगे। शहर के मंदिरों में सजावट और भगवान का विशेष शृंगार किया जाएगा। ज्योतिषी शालिनी वैद्य के अनुसार विवाह पंचमी पर पति-पत्नी के एक साथ पूजा करने और रामचरितमानस या राम रक्षास्तोत्र का पाठ करने से आपसी प्रेम बढ़ता है और परिवार की परेशानियां दूर होती हैं। सुहागिन महिलाओं को इस दिन पूजा करने से अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है।
वहीं कुंवारी कन्याओं के विवाह में आ रही अड़चनें दूर होती हैं। वैवाहिक जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को खत्म करने के लिए इस दिन दुर्गा सप्तशती के स्तोत्र और दुर्गा सहस्त्रनाम का पाठ करना लाभकारी माना गया है। इसके अलावा तुलसी की माला से सीताराम नाम का जाप और रामचरितमानस के बालकांड में दिए गए राम-सीता विवाह प्रसंग का पाठ करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार स्वयंवर में शिव धनुष टूटने के बाद राजा दशरथ बारात लेकर जनकपुरी पहुंचे थे। तब ग्रह-नक्षत्रों की गणना कर स्वयं ब्रह्माजी ने विवाह की लग्न पत्रिका लिखी थी और नारद मुनि के हाथों राजा जनक को भिजवाया था। शास्त्रों में भगवान राम को चेतना और माता सीता को प्रकृति का प्रतीक माना गया है। इसलिए विवाह पंचमी को सृष्टि के लिए शुभ और मंगलकारी मिलन का दिन माना जाता है।
