![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन बोकारो की ओर से शनिवार को विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं को लेकर पटेल चौक से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने मांगों के समर्थन में उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चंदनकियारी और चंद्रपुरा प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना, जरूरतमंद छात्रों को नियमित छात्रवृत्ति, शिक्षकों व शिक्षकेतर कर्मचारियों की अविलंब बहाली, छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, 10वीं-12वीं पास सभी विद्यार्थियों का नामांकन, बस-ट्रेन किराये में रियायत तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को वापस लेने की मांग उठाई। प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि चंदनकियारी और चंद्रपुरा में एक भी सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित हैं। राज्य और जिले में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। शिक्षा बजट में कटौती और संसाधनों की कमी के कारण सरकारी शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है। कार्यक्रम को प्रदेश सचिव मंडली सदस्य जूलियस फुचिक, शुभम कुमार झा, जिला प्रभारी प्रदीप कुमार यादव और संगीता महतो ने भी संबोधित किया। इस दौरान संगीत मंडली द्वारा क्रांतिकारी गीतों की प्रस्तुति दी गई। संचालन समीर महतो ने की। प्रदर्शन में खुशबू, आरती, प्रहलाद, राहुल, मंदिरा, अर्पिता सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
Source link