![]()
.
रांची विश्वविद्यालय में नर्सिंग की पढ़ाई चार बैचों के लिए चार अलग-अलग समस्याओं में उलझ गई है। कहीं परीक्षा का इंतजार, कहीं रिजल्ट की प्रतीक्षा तो कहीं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया ही अधूरी है। लगातार बिगड़ती शैक्षणिक स्थिति के खिलाफ शुक्रवार को नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने तीसरी बार विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन का घेराव कर तालाबंदी की। एनएसयूआई अध्यक्ष अधिवक्ता कैफ अली के नेतृत्व में करीब पांच घंटे चले आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को वार्ता करनी पड़ी। कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय सिंह और कुलसचिव डॉ. राजकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं। प्रशासन ने 30 नवंबर और 2 दिसंबर को बैठक तय करते हुए दो सप्ताह में समाधान निकालने का लिखित आश्वासन दिया। 4 बैच के लगभग 10000 स्टूडेंट्स सेशन लेट चलने से प्रभावित हैं।
चारों बैच में अलग-अलग तरह की हैं समस्याएं 2022-26 बैच : अब तक आठ में से केवल चार सेमेस्टर पूरे हुए हैं। चार सेमेस्टर की परीक्षाएं बाकी हैं। 2023-27 बैच : अब तक तीन सेमेस्टर हुए हैं। पांच सेमेस्टर की परीक्षाएं बाकी हैं। 2024-28 बैच : केवल एक सेमेस्टर की परीक्षा हुई है। उसका भी रिजल्ट जारी नहीं हुआ है और सात सेमेस्टर बाकी हैं। 2025-29 बैच : विद्यार्थियों का अब तक रजिस्ट्रेशन भी नहीं हुआ है।
30 को कॉलेजों से, 2 दिसंबर को छात्रों से होगी बात करीब पांच घंटे के आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिखित सूचना जारी की। इसके अनुसार 30 नवंबर को अपराह्न 3 बजे सभी नर्सिंग महाविद्यालयों के साथ बैठक होगी। 2 दिसंबर को छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक निर्धारित की गई है। प्रशासन ने अगले दो सप्ताह में समस्याओं के समाधान पर निष्कर्ष निकालने का भरोसा दिया है। अब विद्यार्थियों की निगाहें इन बैठकों में होने वाले फैसलों पर हैं।
समय-सीमा में समाधान नहीं तो तेज होगा आंदोलन आंदोलन में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव, प्रदेश महासचिव पवन नाग, निश्चल सोय, प्रदेश प्रवक्ता तलहा अफरोज, प्रदेश सचिव इलियास अंसारी, फ्रैंकलिन बाखला और इमदाद अंसारी सहित सैकड़ों नर्सिंग छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विनय उरांव ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों से समझौता नहीं होगा। संगठन प्रशासन के आश्वासन और निर्धारित समय-सीमा पर नजर रखेगा। समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।