देवघरः झारखंड में अब धीरे-धीरे ठंड अपना असर दिखाने लगी है. सुबह और शाम के तापमान में गिरावट आने से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है. देवघर में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है और ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है. कोई स्वेटर और जैकेट पहनकर घर से निकल रहा है तो कोई मफलर और टोपी से खुद को ठंड से बचा रहा है. वहीं, शाम होते ही कई जगहों पर लोग अलाव जलाकर उसके आसपास बैठते नजर आ रहे हैं. ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ने लगी है.खासकर ऐसे लोग जो कम बजट में अच्छी क्वालिटी और मोटे गर्म कपड़े खरीदना चाहते हैं, उनके लिए तिब्बती बाजार पहली पसंद बना हुआ है.
एक दो नहीं बल्कि लगाए गए है कई स्टॉल :
देवघर में हर साल सर्दियों का मौसम शुरू होते ही तिब्बती शरणार्थियों का बाजार सज जाता है.इस बार भी शहर के मदरसा ग्राउंड स्थित शिवलोक परिसर में पोताला तिब्बत मार्केट लगाया गया है.यहां एक-दो नहीं, बल्कि कई स्टॉल लगाए गए हैं, जहां सर्दी से बचने के लिए अलग-अलग तरह के गर्म कपड़े उपलब्ध हैं. बाजार में सुबह से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती है. कोई अपने बच्चों के लिए गर्म कपड़े खरीद रहा है तो कोई अपने लिए जैकेट, स्वेटर और मफलर पसंद कर रहा है.खास बात यह है कि यहां एक ही जगह पर महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए गर्म कपड़ों की अच्छी वैरायटी मिल रही है.यही वजह है कि शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं.
स्वेटर जैकेट से लेकर कई वस्तुए उपलब्ध :
इस बाजार में स्टॉल नंबर 05 पर तिब्बत की रहने वाली कुंगाचोनसुम गर्म कपड़ों की दुकान चला रही हैं. वह पिछले पांच वर्षों से हर सर्दी के मौसम में देवघर आकर यहां गर्म कपड़ों की बिक्री करती हैं. उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में लोगों की जरूरत को देखते हुए दुकान में कई तरह के कपड़े रखे गए हैं. यहां जैकेट, स्वेटर, महिलाओं के कोट, शॉल, स्टॉल और बच्चों के गर्म कपड़ों के साथ कई अन्य सामान भी उपलब्ध हैं. उनका कहना है कि अलग-अलग उम्र और पसंद के हिसाब से कपड़े रखे गए हैं, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर सकें. खासकर ठंड बढ़ने के साथ बच्चों और महिलाओं के गर्म कपड़ों की मांग अधिक रहती है.
50 रुपए से शुरू करें गर्म कपडों की खरीदारी :
अगर आप भी इस बाजार में खरीदारी करने पहुंचते हैं तो यहां ऊनी टोपी, स्वेटर, जैकेट, मफलर, हाथ के दस्ताने, पैरों के गर्म मोजे, कमर बेल्ट और हुडी सहित कई तरह के गर्म कपड़े मिल जाएंगे. यहां छोटे बच्चों के लिए भी ऊनी कपड़ों की अच्छी रेंज उपलब्ध है. बाजार में सबसे खास बात इसकी कीमत है.यहां 50 रुपये से गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो जाती है, जबकि जरूरत और पसंद के हिसाब से 2500 से 3000 रुपये तक के कपड़े भी मिल रहे हैं.यानी कम बजट में खरीदारी करने वालों से लेकर अच्छी रेंज और डिजाइन पसंद करने वाले ग्राहकों तक के लिए यहां विकल्प मौजूद हैं. ग्राहक अपनी जेब और जरूरत के अनुसार सामान चुन सकते हैं.
मध्यमवर्गीय परिवार के लिए बना आकर्षण का केंद्र :
इस बाजार में इन दिनों महिलाओं की भी अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है.महिलाएं अपने लिए गर्म शॉल और कोट पसंद कर रही हैं, तो वहीं बच्चों के अभिभावक ठंड से बचाव के लिए स्वेटर, जैकेट और टोपी खरीद रहे हैं. युवाओं के बीच हुडी और डिजाइनर जैकेट की मांग देखी जा रही है. बुजुर्गों के लिए भी गर्म मोजे, टोपी, स्वेटर और अन्य जरूरी कपड़े उपलब्ध हैं. खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह बाजार इसलिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, क्योंकि एक ही जगह पर परिवार के सभी सदस्यों के लिए गर्म कपड़े खरीदने का विकल्प मिल जाता है.