![]()
.
सोलगडीह स्थित वृद्ध सेवा आश्रम का छठा स्थापना दिवस शनिवार को आत्मीयता और सम्मान के साथ मनाया गया। समारोह में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके सुख-दुख को साझा किया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं।
उनका अनुभव, जीवन के प्रति दृष्टिकोण और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए अनमोल है। बुजुर्ग होना जीवन की स्वाभाविक अवस्था है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने माता-पिता और परिवार के अन्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व का भाव रखना चाहिए। डीसी ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों की कहानियों, अनुभवों और रचनात्मक प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए विशेष पहल करने का सुझाव दिया। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, बेहतर देखभाल और मेडिकल रिकॉर्ड के संधारण पर जोर दिया। एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि निराश्रित और जरूरतमंद बुजुर्गों के संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। इससे पूर्व गुरुजी स्मृति वाटिका परिसर में नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन किया गया। अधिकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डिप्टी मेयर पूजा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी थे।