.
दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड स्थित निजी विद्यालय के छात्रावास में रहने वाली दो बच्चियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार को पीड़ित छात्रा के पिता के बयान पर निदेशक इमानुएल मुर्मू व सहयोगी सह वार्डन निली अनाकी टुडू के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने 21 साल की वार्डन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं फरार निदेशक की तलाश की जा रही है। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। पीड़ित बच्चियों की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच की गई। जरमुंडी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवल किशोर सिंह ने थाना प्रभारी और पीड़िता के स्वजन से पूरे मामले की जानकारी ली और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। विद्यालय में अभी कुल 42 छात्र छात्राएं नामांकित हैं। जिसमें 36 छात्र व छात्राएं हॉस्टल में रहते हैं और छह गांव से आना जाना करते हैं। गुरुवार को विद्यालय की दो छोटी बच्चियों ने सीनियर छात्राओं को बताया कि निदेशक उनके साथ गलत काम करते हैं। सीनियर ने सभी को थाना जाकर शिकायत करने को कहा। इसके बाद पीड़ित तीन अन्य साथियों के साथ रामगढ़ थाना गई और पुलिस को पूरी बात बताई। शुक्रवार को पुलिस ने स्कूल जाकर मामले की जांच की। शाम को जब यह बात अभिभावक व बच्चियों के पिता को पता चली तो सभी थाना गए और निदेशक पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस विद्यालय गई, लेकिन निदेशक नहीं मिला। शनिवार को पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान पर निदेशक व वार्डन पर मामला दर्ज किया। इधर, शनिवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड साधन सेवी नजीसूल हक ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की। उनका कहना है कि विद्यालय का संचालन सही तरीके से नहीं हो रहा है। पूरी जांच रिपोर्ट विभाग को दी जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार निदेशक पर पहले भी विद्यालय के ही एक शिक्षिका के साथ यौन शोषण का आरोप लग चुका है। वहीं कई और गंभीर आरोप भी लगे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निदेशक बच्चों को बाहर सप्लाई करता है यहां की कई छोटी-छोटी बच्चियों केरल पहुंचा चुका है। जिनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद विद्यालय को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को विद्यालय में मौजूद शिक्षक अमित हांसदा ने नामांकित सभी बच्चों के अभिभावकों को विद्यालय बंद रहने की जानकारी दी। इसके बाद अभिभावक अपने बच्चों को साथ लेकर घर चले गए। शिक्षक अमित हांसदा और निकिता हांसदा शाम को अपने घर चली गई। फिलहाल पुलिस की जांच और फरार निदेशक की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। शनिवार को रामगढ़ थाना परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार के स्वजन एकत्र हुए।
लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश था। ग्रामीणों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित बच्चियों को जल्द न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि जिन लोगों पर बच्चों की देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उन्हीं पर गंभीर आरोप लगना बेहद चिंताजनक है। जरमुंडी के एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अभी तक एक पीड़िता के पिता ने लिखित शिकायत दी है। इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।