Last Updated:
Gold-Silver Price Update : सोने और चांदी की कीमतों में पिछले सप्ताह ठीक-ठाक उछाल दिखा और अगले सप्ताह भी इसमें तेजी की संभावना दिख रही है. ज्यादातर ब्रोकरेज हाउस और एक्सपर्ट ने अनुमान लगाया है कि सोमवार से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह में सोने-चांदी की कीमतें एक बार फिर बढ़ सकती हैं. हालांकि, इस पर आरबीआई के फैसलों, अमेरिकी महंगाई और जॉब के आंकड़ों सहित तमाम फैक्टर्स का असर दिख सकता है.
सोने और चांदी की कीमतों में अगले सप्ताह भी तेजी दिख सकती है.
नई दिल्ली. सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ समय जो उठापटक जारी है. ग्लोबल मार्केट के दबाव में दोनों धातुओं की कीमतें लगातार घटती रहीं, लेकिन पिछले सप्ताह सोना 3,400 रुपये तो चांदी 4,500 रुपये महंगी हुई है. इसके बाद कयास लगाए जाने लगे हैं कि आगे भी सोने-चांदी की कीमतों में उछाल की संभावना दिख रही है. अगर आप भी इस सप्ताह सोने-चांदी में निवेश करना चाहते हैं या फिर गहने बनवाने की सोच रहे तो यह जान लेना बेहतर होगा कि सोमवार से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह में सोने-चांदी की कीमतों में कैसा व्यवहार दिखेगा.
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अगले सप्ताह भी सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है. हाल में कीमतों में आई तेजी की आगे की दिशा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और मौद्रिक नीति से जुड़े संकेतों पर निर्भर करेगी. भारत और अमेरिका जैसी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में विनिर्माण गतिविधियों, रोजगार के आंकड़ों, एडीपी की ओर से जारी निजी क्षेत्र के रोजगार आंकड़ों, सेवा क्षेत्र की गतिविधियों और नवंबर के गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों पर बाजार की नजर रहेगी. ये सभी कारक सोने और चांदी की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं.
क्या कहते हैं ब्रोकरेज
ब्रोकरेज मंच लेमॉन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा कि हमें सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की उम्मीद है. हालांकि, कीमतों में सुधार का रुख थोड़ा सकारात्मक रह सकता है, लेकिन अमेरिका में मौद्रिक नीति और सख्त होने की आशंका से तेजी सीमित रह सकती है. उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें भी महत्वपूर्ण रहेंगी. इनमें लगातार बढ़ोतरी से महंगाई को लेकर चिंता फिर बढ़ सकती है और मौद्रिक नीति में और सख्ती की आशंका मजबूत हो सकती है. इसके अलावा डॉलर की चाल, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर प्रतिफल और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेत तय करेंगे कि कीमतों में हालिया सुधार आगे मजबूत होगा या यह केवल अस्थायी तेजी साबित होगा.
कितना महंगा हुआ सोना और चांदी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर में सप्लाई होने वाले सोने का वायदा भाव बीते सप्ताह 3,420 रुपये यानी 2.8 फीसदी बढ़कर 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसी दौरान चांदी का वायदा भाव 4,509 रुपये यानी 3.05 फीसदी बढ़कर 1.52 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गया. एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में पिछले सप्ताह जोरदार सुधार आया और यह 2.8 फीसदी बढ़ा. इस तेजी की एक प्रमुख वजह उन कारोबारियों की ओर से सोने की दोबारा खरीदारी रही, जिन्होंने पहले कीमतों में गिरावट की उम्मीद में इसे बेचा था. उन्होंने कहा कि जिंस बाजार में व्यापक सुधार के साथ कच्चे तेल की कीमतों में भी करीब दो फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
डॉलर भी डाल रहा सोने पर दबाव
त्रिवेदी ने कहा कि डॉलर सूचकांक के 103.80 के आसपास मजबूत बने रहने, ‘थैंक्सगिविंग’ की लंबी छुट्टी के दौरान विदेशी निवेशकों का निवेश सीमित रहने और जिंस बाजार में बिकवाली के बाद दोबारा खरीदारी बढ़ने से घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा है. हालिया सुधार के दौरान चांदी ने सोने से बेहतर प्रदर्शन किया. हालांकि, औद्योगिक मांग से जुड़ी होने के कारण वैश्विक विनिर्माण गतिविधियों और आर्थिक वृद्धि की उम्मीदों में बदलाव का असर चांदी पर अधिक पड़ता है. ग्लोबल बाजार में कॉमेक्स पर दिसंबर में सप्लाई होने वाले सोने का वायदा भाव बीते सप्ताह 124.2 डॉलर यानी 3.5 फीसदी बढ़कर 3,639.6 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत भी 2.09 डॉलर यानी 5.1 फीसदी बढ़कर 43.16 डॉलर प्रति औंस हो गई.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…