![]()
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में हुए बाया सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में मृतक की पत्नी सुनीता सरदार ही हत्या की मुख्य साजिशकर्ता निकली। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ समीर सवैया ने बताया कि बाया सरदार की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी सुनीता सरदार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सुनीता सरदार, उसके भाई सोमा मुंडा उर्फ लुबू मुंडा, बीर सिंह मुंडा और बिरा मुंडा को गिरफ्तार किया। एसडीपीओ समीर सवैया ने बताया कि बाया सरदार अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिससे वह परेशान रहती थी। इसी मारपीट के कारण पत्नी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना फरसा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोमा मुंडा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह वर्ष 2019 में कुचाई थाना क्षेत्र के आर्म्स एक्ट और यूएपीए जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
Source link