Last Updated:
बंगाल में नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में बड़ा अपडेट है. जांच में हत्यारों का झारखंड से कनेक्शन निकला. वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक का नंबर धनबाद के एक शख्स के नाम पर रजिस्टर्ड था. पुलिस उसके पास पहुंची, तो असली बाइक वहीं मिली. जबकि अपराधियों ने फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था.

धनबादः पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) की हत्या मामले में झारखंड कनेक्शन सामने आया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक पर लगा नंबर धनबाद के रहने वाले सेल कर्मी विभास भट्टाचार्य के नाम पर रजिस्टर्ड है. इसके बाद बंगाल पुलिस जांच के लिए धनबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से मामले की पड़ताल शुरू की. जहां चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
जांच में बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब पता चला कि विभास भट्टाचार्य की असली बाइक उनके घर पर सुरक्षित खड़ी थी. इतना ही नहीं, हत्या में इस्तेमाल बाइक का मॉडल भी अलग निकला. इससे साफ हो गया कि अपराधियों ने फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. जानकारी के मुताबिक विभास भट्टाचार्य पहले पश्चिम बंगाल के बनपुर इलाके में पदस्थापित थे और बाद में उनका ट्रांसफर धनबाद हो गया था. इसी वजह से पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं अपराधियों ने पुरानी जानकारी के आधार पर नंबर का इस्तेमाल तो नहीं किया.
कब हुई थी हत्या
उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई बुधवार रात करीब 10:15 बजे हुई. जब चंद्रनाथ अपने घर लौट रहे थे. वह घर से महज 200 मीटर दूर थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. अपराधियों ने पहले इलाके की रेकी की थी और पूरी प्लानिंग के साथ इस हत्या को अंजाम दिया.
अब तक 3 लोग हिरासत में
हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है. उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. हालांकि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जांच एजेंसियों को शक है कि हमलावर बंगाल के बाहर से लाई गई बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और बाइक कनेक्शन के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. व्यस्त सड़क पर हुई इस हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं.
About the Author
कहानी सुनने, गुनने और लिखने का शौकीन. शुद्ध कीबोर्ड पीटक. माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भोपाल से शिक्षा-दीक्षा. द सूत्र, खबरिया न्यूज़, दैनिक नई दुनिया (अखबार) से सीखते हुए हाल मुकाम News18 है. 5 साल से पत्रकार…और पढ़ें