![]()
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान कोरीडीह वन गांव निवासी सफाउल अंसारी की पुत्री सजदा खातून (9 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्ची तालाब से स्नान कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद की तीन तस्वीरें देखें… इलाज के दौरान रास्ते में तोड़ा दम हादसे के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। हालांकि, धनबाद ले जाने के क्रम में रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे किया जाम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर सुबह करीब 11 बजे से गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन से आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस के आश्वासन पर हटा जाम, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन द्वारा उचित मुआवजे और कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में शामिल स्कॉर्पियो की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Source link