Last Updated:
IIT-ISM धनबाद ने कामकाजी पेशेवरों के लिए दो वर्षीय ‘एक्जीक्यूटिव एमबीए’ सत्र 2026-28 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इसकी कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी, जिससे नौकरी के साथ पढ़ाई संभव होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई तक आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं. चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा.

IIT-ISM धनबाद
धनबाद: यदि आप कामकाजी पेशेवर हैं और अपनी नौकरी के साथ-साथ प्रबंधन की बारीकियों को सीखना चाहते हैं, तो देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT-ISM धनबाद ने आपके लिए रास्ते खोल दिए हैं. संस्थान ने सत्र 2026–28 के लिए अपने एक्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं.
वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए खास डिजाइन
प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियंत्रण विभाग के अध्यक्ष प्रो. संदीप मंडल ने बताया कि यह दो वर्षीय (चार सेमेस्टर) कार्यक्रम विशेष रूप से अधिकारियों, उद्यमियों और सेवारत पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य पेशेवरों में नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक निर्णय लेने की समझ और आधुनिक प्रबंधन कौशल विकसित करना है.
ऑनलाइन क्लास और फ्लेक्सिबल टाइमिंग
नौकरीपेशा लोगों की व्यस्तता को देखते हुए इस कोर्स की कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित की जाएंगी:
- बुधवार से शनिवार: शाम 7:00 बजे से रात 9:50 बजे तक.
- रविवार: सुबह 10:00 बजे से शाम 5:50 बजे तक.
हालांकि, मिड-सेमेस्टर और एंड-सेमेस्टर परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी, जिसके लिए धनबाद, कोलकाता और दिल्ली में केंद्र बनाए जाएंगे.
चयन प्रक्रिया
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को IIT-ISM द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें प्रबंधकीय क्षमता और सामान्य जागरूकता का परीक्षण किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल होने वालों को ऑनलाइन इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
महत्वपूर्ण तिथि
- आवेदन की अंतिम तिथि – 31 मई 2026
- लिखित परीक्षा – 14 जून 2026
- ऑनलाइन साक्षात्कार – 16 और 17 जून 2026
- परिणाम (संभावित) – 03 जुलाई 2026
- नामांकन प्रक्रिया – 06 से 13 जुलाई 2026
- कक्षाएं शुरू – 25 जुलाई 2026
कितनी सीटें उपलब्ध?
इस कार्यक्रम में कुल 100 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें भारत सरकार के आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा. संस्थान की प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व में कोल इंडिया, सेल, टाटा स्टील, रेलवे, ओएनजीसी, एसबीआई और टीसीएस जैसी दिग्गज कंपनियों के अधिकारी यहाँ से ट्रेनिंग ले चुके हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.