गुमला जिले के लट्ठा बरटोली गांव में सोमवार को भारत माला सड़क परियोजना के तहत निर्माण कार्य शुरू कराने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सड़क निर्माण की निगरानी कर रहे लाइजनिंग मैनेजर पर ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने हमला कर दिया। उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
.
इस दौरान कंपनी के मुंशी के साथ भी मारपीट की गई। उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की भीड़ अचानक उग्र हो गई, जिससे वहां मौजूद कंपनी के कर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।

कंपनी के लाइजनिंग मैनेजर के साथ ग्रामीण महिलाओं की बकझक हो गई।
जबरन जमीन पर कराया जा रहा निर्माण
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिवालया कंपनी उनकी जमीन पर जबरन सड़क निर्माण करा रही है, जबकि वे इसके लिए तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया, तो कंपनी के लोगों ने महिलाओं के साथ बदसलूकी की। जिसके बाद गुस्साई महिलाओं ने मैनेजर और अन्य कर्मियों पर हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि बिना उनकी सहमति के किसी भी कीमत पर सड़क निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, कंपनी के प्रतिनिधियों का दावा है कि सरकार की ओर से जमीन का मुआवजा दिया जा चुका है। कुछ लोग अनावश्यक रूप से निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन पर जबरन का कराया जा रहा है।
पुलिस पहुंची तो उसे भी खदेड़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। बावजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस का भी विरोध किया। उसे वहां से खदेड़ दिया। पुलिस की मौजूदगी में भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम है।
ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। प्रशासन मामले को शांत कराने और दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि स्थानीय लोग अपनी जमीन और अधिकारों को लेकर डटे हुए हैं।
————————————-
इसे भी पढ़ें….
गुमला में चप्पल से पिट गए राजस्व कर्मचारी, VIDEO:जमीन सीमांकन को पहुंची थी अंचल की टीम, ग्रामीणों ने किया हंगामा

गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड के केड़ेग खेड़ा गांव में चैनपुर अंचल की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जमीन सीमांकन को पहुंची अंचल की टीम की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने न केवल हंगामा किया बल्कि मारपीट तक कर दी। इस दौरान राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा को एक महिला ने चप्पल से पीटा। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर..