![]()
पलामू जिले में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-पानी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। हैदरनगर थाना क्षेत्र के हाई स्कूल-शिवालय रोड स्थित मरघटिया के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तेज तूफान के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ बाइक सवारों पर गिर गया। इस दुर्घटना में बिहार के औरंगाबाद निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दोनों इलाज कराकर बाइक से लौट रहे थे, तभी अचानक आए तेज झोंके के कारण पेड़ उखड़कर उनके ऊपर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कामदेव को मृत घोषित कर दिया। घायल अनिल का इलाज एमएमसीएच मेदिनीनगर में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बारात में जा रहे डीजे ऑपरेटर की गई जान दूसरी घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में सामने आई, जहां एक बारात में डीजे साउंड सिस्टम लेकर जा रहे 18 वर्षीय पप्पू कुमार की जान चली गई। बताया गया कि पप्पू बारात में साउंड सिस्टम पहुंचाने के लिए जा रहा था, तभी तेज आंधी के बीच एक पेड़ अचानक उस पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत जेसीबी मशीन की मदद से उसे पेड़ के नीचे से निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई इलाकों में नुकसान, रेल परिचालन भी प्रभावित तेज आंधी और बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में व्यापक नुकसान हुआ है। कई घरों की छतें उड़ गईं, एस्बेस्टस शीट और सोलर प्लेटें क्षतिग्रस्त हो गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हुआ। इसके अलावा डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास सिंगरा इलाके में रेलवे का तार टूटने से करीब एक घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने घटनास्थलों का जायजा लेकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
Source link