![]()
कोकर स्थित खोरहाटोली रोड नंबर-1 से लापता 18 महीने की अदिति पांडे का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। बुधवार को भी एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें नालों में बच्ची की तलाश में जुटी रहीं। सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब दो से ढाई किलोमीटर तक नालों की तलाशी ली गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया। इधर, नाले से बरामद मांस के अवशेष का डीएनए परीक्षण कराने की अनुमति बुधवार को अदालत से रांची पुलिस को मिल गई। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान बच्ची के घर से करीब 800 मीटर दूर नाले की झाड़ियों में फंसा मांस का एक अवशेष बरामद हुआ था। पुलिस ने उसे जब्त कर जांच के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के फॉरेंसिक विभाग भेज दिया था। कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद अब अवशेष को खेलगांव स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। वहां अदिति के माता-पिता का डीएनए सैंपल लिया जाएगा। इसके बाद जांच के लिए सैंपल को कोलकाता की प्रयोगशाला भेजा जाएगा। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद अवशेष बच्ची का है या नहीं। अदिति की मां का रो-रोकर बुरा हाल : अदिति के लापता होने की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पांच दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हर बीतता घंटा उनके दर्द और बेचैनी को और बढ़ा रहा है। घर के आंगन से उठती उम्मीदें अब सन्नाटे में बदल गई हैं। मां बार-बार उसी रास्ते को देखती हैं, जहां से उनकी बिटिया आखिरी बार नजर आई थी। अब हर कोई बस एक ही दुआ कर रहा है-अदिति सुरक्षित घर लौट आए। परिजनों ने किया प्रदर्शन, जांच का दायरा बढ़ाने की मांग मां की पुकार…बिटिया कहां हो तुम लापता अदिति पांडे की बरामदगी की मांग को लेकर बुधवार को परिजनों और मोहल्लेवासियों ने कोकर चौक पर सड़क पर उतरकर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से जांच का दायरा बढ़ाने की अपील की। लोगों ने कहा कि अब तक की कार्रवाई केवल इस धारणा पर आधारित है कि बच्ची नाले में बह गई है, जबकि इस दिशा में अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल पाई है। लोगों ने यह भी मांग उठाई कि मामले की जांच चोरी सहित अन्य संभावित एंगल से भी की जानी चाहिए, ताकि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके।
Source link