Last Updated:
Rent in Bengaluru : बैंगलुरु में अब नौकरी खोजना जितना मुश्किल नहीं है, उससे ज्यादा घर खोजना मुश्किल होता है. एक यूजर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि बैंगलुरु में मकान मालिक घर देने के बाद अचानक किराया बढ़ा देते हैं या फिर मकान खाली करने के लिए कहते हैं.
बैंगलुरु में युवाओं के लिए मकान खोजना मुश्किल हो रहा है.
नई दिल्ली. आज का युवा सबसे ज्यादा नौकरी को लेकर पेरशान रहता है, लेकिन बैंगलुरु में रहने वाले युवाओं की बात करें तो उन्हें अपने बॉस से ज्यादा मकान मालिक की टेंशन रहती है. नौकरी तो किसी तरह मिल भी जाती है, लेकिन मुश्किल होती है एक अदद घर ढूंढने में. घंटों ऑनलाइन सर्च करने और ब्रोकर से बात करने के बाद वीकेंड पर टाइम निकालकर एक घर मिलता है. लोकेशन भी मिल जाती है और किराया भी सही मिल जाता है, फिर अचानक मालिक घर खाली करने के लिए कह देता है या फिर हजारों रुपये किराया बढ़ा देता है.
ऊपर जो सिचुएशन लिखी है, हो सकता है कि उससे आपका सामना कभी न हुआ हो लेकिन जो युवा अपना करियर बनाने अंजान शहर में पहुंचा है, उसके लिए यह स्थिति किसी बड़े संकट से कम नहीं है. बैंगलुरु में कई किरायेदारों के लिए यह स्थिति अब आम होती जा रही है. शहर में किराये लगातार बढ़ रहे हैं और अचानक किराये में इजाफा या मकान मालिकों के साथ मुश्किल अनुभवों की कहानियां तेजी से वायरल हो रही हैं. इस बीच एक और वायरल वीडियो ने इस चर्चा को सोशल मीडिया पर और बढ़ा दिया है.
क्या वायरल हो रहा सोशल मीडिया पर
इंस्टाग्राम यूजर दिशाका ने हाल ही में एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उनके मकान मालिक ने उन्हें झूठा कारण देकर फ्लैट छोड़ने को कहा है और फिर उनका किराया हर महीने 4,000 रुपये बढ़ा दिया. वीडियो में दिशाका ने बताया कि उनके मकान मालिक ने पहले कहा कि उनका भाई बैंगलुरु आ रहा है और उसे वही फ्लैट चाहिए जिसमें वह रह रही हैं. शुरुआत में यह वजह सही लगी, लेकिन बाद में उन्हें शक हुआ कि इसमें कुछ और है.
मकान मालिक ने झूठ बोला
दिशाका ने बताया कि बाद में मुझे पता चला कि मकान मालिक ने मुझसे झूठ बोला था. उन्होंने अचानक मेरा किराया 4 हजार रुपये बढ़ा दिया, यह कहते हुए कि उनका भाई शहर में आ रहा है और उसे मेरे अपार्टमेंट में शिफ्ट करना है. इस स्थिति को और उलझा देने वाली बात यह थी कि मकान मालिक पूरे बिल्डिंग के मालिक हैं. फिर भी उन्हें सिर्फ मुझे ही बाहर निकालना था.
बाद में माना-बढ़ाना है किराया
दिशाका के मुताबिक, मकान मालिक असली वजह बाद में साफ हो गई. उन्होंने दावा किया कि बाद में मकान मालिक ने माना कि इलाके में एक बेडरूम वाले फ्लैट 26,000 से 28,000 रुपये महीने में किराये पर दिए जा रहे हैं. जाहिर है कि उन्हें मेरे फ्लैट का किराया भी बढ़ाना था. तब मुझे समझ आया कि वह मुझे बाहर करना चाहते थे, ताकि ज्यादा पैसे मिल सकें और उनकी कहानी झूठ थी. दिशाका का कहना है कि बैंगलुरु में ऐसी स्थितियां अब आम हो गई हैं. मैं बस जानना चाहती थी कि क्या यह सिर्फ मेरे साथ हो रहा है या फिर और भी लोगों के साथ. फिलहाल मैं 4 हजार रुपये महीने के ज्यादा दे रही हूं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें