IMD Today Weather Live: देश के ज्यादातर हिस्सों में सूरज की सितम अपने चरम पर है. गर्मी और लू के थपेड़ों ने मानो कर्फ्यू जैसे हालात बना दिए और दिन में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है. त्तर, पश्चिम और मध्य भारत इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 मई के लिए जारी अपने ताजा पूर्वानुमान में कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. वहीं अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भारी बारिश की संभावना है.
उत्तर भारत में गर्मी का आपातकाल
उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है.
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. राजस्थान में रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्म रातों का सामना करना पड़ेगा.
दिल्ली का मौसम: गर्मी और लू का डबल अटैक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है, जिससे गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी.
दिल्ली में दिन के समय तेज धूप और लू जैसे हालात बने रहेंगे. मौसम विभाग ने कहा है कि गर्मी का असर खासतौर पर दोपहर के समय ज्यादा रहेगा. लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.
यूपी में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर
उत्तर प्रदेश इस समय देश के सबसे गर्म राज्यों में शामिल है. बांदा में शनिवार को 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग ने 17 से 23 मई तक पूरे राज्य में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 23 मई के बीच गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांसी और नोएडा जैसे शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. पूर्वी यूपी में भी गर्म हवाएं लोगों को बेहाल करेंगी.
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि महीने के आखिरी सप्ताह में कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
उत्तराखंड के पहाड़ों में बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है, लेकिन 20 मई से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चमोली समेत कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया है.
ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बदल सकता है. इस कारण से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका भी बनी हुई है.
बिहार में उमस के बीच आंधी-बारिश की संभावना
यहां पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. हालांकि, आंधी और बादल छाने से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है. किसानों को खराब मौसम को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के इंतजाम करने की सलाह दी गई है.
झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
झारखंड में आज कई जिलों में आंधी, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो समेत कई क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. दिन में उमस और गर्मी रहेगी, जबकि शाम के समय बारिश और तेज हवाओं से कुछ राहत मिल सकती है.
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अंदरूनी कर्नाटक में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने बताया कि केरल और माहे में 17 से 21 मई तक लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं तमिलनाडु और कर्नाटक में बिजली चमकने और तेज गर्जना के साथ बारिश होगी. इसे देखते हुए मछुआरों को अरब सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कई दिनों तक तेज बारिश और आंधी का असर बना रहेगा. असम और मेघालय में 18 मई को भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है.
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पूर्वोत्तर के कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है. लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है.
मानसून को लेकर क्या है अपडेट?
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. अगले 2 से 3 दिनों में इसके दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है. हालांकि, इसमें चार दिन आगे या पीछे होने की संभावना भी जताई गई है.
मौसम पूर्वानुमान की खास बातें
देशभर में मौसम का सबसे बड़ा अपडेट क्या है?
18 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम दो चरम रूप में दिखाई देगा. एक तरफ दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य भारत में भीषण गर्मी और हीटवेव का खतरा बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट है.
किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है?
आईएमडी के अनुसार 18 मई को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है.
कहां-कहां आंधी और तेज हवाएं चलेंगी?
झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में गरज-चमक के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
देश में सबसे ज्यादा गर्मी कहां पड़ रही है?
उत्तर प्रदेश इस समय सबसे ज्यादा गर्म राज्यों में शामिल है. आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम उत्तर प्रदेश में भीषण लू का अलर्ट है. पूर्वी यूपी में भी हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी. बांदा में अधिकतम तापमान 46.4°C दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा.
किन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी हुआ है?
दिल्ली , हरियाणा , पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज लने की संभावना है.
केरल में मानसून कब पहुंच सकता है?
आईएमडी ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है. इसमें 4 दिन का आगे-पीछे हो सकता है.