देवघर. झारखंड का देवघर सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं बल्कि प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी लोगों के बीच काफी प्रसिद्ध होता जा रहा है. यहां स्थित बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है, जिस वजह से हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि मंदिरों और पूजा-पाठ के अलावा देवघर की पहचान अब धीरे-धीरे खूबसूरत रोड ट्रिप और नेचर व्यू के लिए भी बनने लगी है.
यहां कई ऐसी सड़कें हैं, जहां पहुंचते ही शहर की भीड़भाड़, शोरगुल और तनाव से दूर मन को अलग ही सुकून महसूस होता है. खासकर शाम के समय जब हल्की ठंडी हवा चलती है और सूरज ढलने लगता है, तब इन रास्तों की खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है.
खूबसूरत जगह में से एक देवघर-माधोपुर सड़क
इन्हीं खूबसूरत जगहों में से एक है देवघर-माधोपुर सड़क, जो अब युवाओं और घूमने-फिरने के शौकीन लोगों की पसंदीदा जगह बनती जा रही है. यह सड़क देवघर शहर से करीब 16 किलोमीटर दूर है. अगर आपके पास बाइक है और आप कम खर्च में शानदार रोड ट्रिप का मजा लेना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट साबित हो सकती है.
महज आधे लीटर पेट्रोल में आप यहां तक आसानी से पहुंच सकते हैं और पूरे रास्ते खूबसूरत नजारों का आनंद उठा सकते हैं. सड़क के दोनों तरफ हरियाली, खुले मैदान और शांत वातावरण ऐसा एहसास दिलाते हैं जैसे आप किसी हिल स्टेशन की तरफ जा रहे हों.
शहर की ट्रैफिक से दूर बिता सकते हैं सुकून भरे पल
इस रोड ट्रिप की सबसे खास बात यह है कि यहां का रास्ता काफी शांत और सुकून भरा है. शहर के ट्रैफिक और हॉर्न की आवाज से दूर यह जगह मानसिक शांति देने का काम करती है. कई लोग सुबह या शाम के वक्त यहां अपने पार्टनर, दोस्तों या परिवार के साथ समय बिताने पहुंचते हैं. शाम के समय जब सूरज धीरे-धीरे ढलता है, तब सड़क के किनारे मौजूद पेड़-पौधे और खेत बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं.
रास्ते में आम के बागान, हरी-भरी फसलें और खुले मैदान देखने को मिलते हैं, जो मन को खुश कर देते हैं. बरसात के मौसम में यह जगह और भी ज्यादा आकर्षक हो जाती है, क्योंकि चारों तरफ हरियाली ही हरियाली नजर आती है.
पहाड़, शांत वातावरण लोगों को करता आकर्षित
देवघर-माधोपुर रोड पर सफर करते समय आपको कई छोटे-छोटे गांव और प्राकृतिक नजारे देखने को मिल जाएंगे. रास्ते में पड़ने वाला दिघारिया पहाड़ लोगों को अपनी तरफ खासा आकर्षित करता है. यहां की ऊंची पहाड़ियां और शांत वातावरण लोगों को काफी पसंद आता है.
कई लोग यहां रुककर फोटो खिंचवाते हैं और प्रकृति का आनंद लेते हैं. इसके अलावा माधोपुर पार्क भी इस रोड ट्रिप का बड़ा आकर्षण माना जाता है. यह पार्क देवघर के बड़े पार्कों में गिना जाता है, जहां लोग परिवार के साथ पिकनिक मनाने भी पहुंचते हैं. बच्चों के खेलने से लेकर बैठकर सुकून के पल बिताने तक के लिए यह जगह काफी अच्छी मानी जाती है.
खाने के लिए हैं कई ढाबे
अगर सफर के दौरान आपको भूख लग जाए, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. इस सड़क पर कई छोटे-बड़े ढाबे और खाने-पीने की दुकानें मौजूद हैं, जहां चाय, नाश्ता और स्वादिष्ट भोजन आसानी से मिल जाता है. कई लोग यहां रुककर चाय के साथ प्राकृतिक नजारों का आनंद लेते हैं. खासकर सर्दियों के मौसम में सड़क किनारे चाय पीने का मजा ही अलग होता है. स्थानीय दुकानों पर आपको झारखंड के पारंपरिक स्वाद का भी अनुभव मिल सकता है.
रील्स और फोटोशूट के लिए शानदार लोकेशन
आजकल सोशल मीडिया का दौर है और ऐसे में यह सड़क युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो चुकी है. यहां की खाली सड़कें, हरियाली और खूबसूरत बैकग्राउंड रील्स और फोटोशूट के लिए शानदार लोकेशन बन चुकी हैं. कई युवक-युवतियां यहां इंस्टाग्राम रील्स, प्री-वेडिंग शूट और फोटोग्राफी के लिए पहुंचते हैं.
खास बात यह है कि यहां ज्यादा भीड़ नहीं रहती, इसलिए लोग आराम से अपने दोस्तों और परिवार के साथ समय बिता पाते हैं. हालांकि, यहां घूमने आने वाले लोगों को सावधानी और सुरक्षित ड्राइविंग का भी ध्यान रखना चाहिए ताकि सफर यादगार और सुरक्षित बना रहे.
कम खर्च में शानदार रोड ट्रिप
अगर आप भी वीकेंड पर कम खर्च में शानदार रोड ट्रिप का आनंद लेना चाहते हैं, प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं या फिर शहर की भागदौड़ से थोड़ी देर दूर रहना चाहते हैं, तो देवघर-माधोपुर सड़क आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.
यहां का शांत माहौल, प्राकृतिक सुंदरता और खूबसूरत रास्ते हर किसी का दिल जीत लेते हैं. यही वजह है कि धीरे-धीरे यह जगह देवघर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच खास पहचान बना रही है.