रांची: झारखंड में आज का मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा. एक तरफ झारखंड के पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा. वहीं, दूसरी ओर दक्षिणी और पूर्वी जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है. रांची मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आज झारखंड के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 36 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है. जहां सबसे ज्यादा गर्मी पलामू, गढ़वा, चतरा और जमशेदपुर जैसे पश्चिमी-दक्षिणी इलाकों में पड़ेगी, जहां तापमान 41-43°C तक पहुंच सकता है. यहां लू जैसी स्थिति बनी रहेगी.
झारखंड में आईएमडी का अलर्ट ( एआई फोटो )
झारखंड के इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. साथ ही लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. सबसे ज्यादा आंधी-तूफान उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों जैसे धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और रांची में आ सकता है. वहीं, आंधी-तूफान से से पेड़ टूटने, बिजली गिरने और फसलों को नुकसान का खतरा बना रहेगा. कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.
जानें कहां मौसम रहेगा सुहावना और कहां पड़ेगी गर्मी
राजधानी रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने वाला है. यहां बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होगी. इन जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिले सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले हैं. इन जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जहां तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को लू जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने दोपहर बाद भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया है.
आज झारखंड का मौसम कुल मिलाकर मिश्रित रहने वाला है. जहां एक तरफ प्रचंड गर्मी, दूसरी तरफ राहत देने वाली बारिश और आंधी की संभावना है. वहीं, पश्चिमी जिलों में गर्मी चरम पर, उत्तर-पूर्वी-मध्य में तूफान का खतरा, और पठारी क्षेत्रों में सुहावनी ठंडक का असर रहने वाला है. रांची मौसम विभाग ने इसके लिए पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है.