भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

प्रस्तावित री-स्ट्रक्चरिंग व क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ एबीवीपी का विरोध, पुतला फूंका




भास्कर न्यूज | गिरिडीह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला इकाई ने बुधवार को जिले के विभिन्न कॉलेजों में झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तावित री-स्ट्रक्चरिंग एवं क्लस्टर सिस्टम के विरोध में प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने गिरिडीह कॉलेज गिरिडीह, आदर्श कॉलेज राजधनवार,आरके महिला कॉलेज गिरिडीह, लंगटा बाबा कॉलेज मिर्जागंज तथा घाघरा साइंस कॉलेज बगोदर में विरोध जताया। एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री सह गिरिडीह जिला संयोजक मंटू मुर्मू ने कहा कि सरकार ने लागू किया जा रहा क्लस्टर सिस्टम छात्र-छात्राओं के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को एक ही विषय की पढ़ाई के लिए अलग-अलग महाविद्यालयों में जाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ेगा। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए यह व्यवस्था काफी परेशानी खड़ी करेगी। विभिन्न कॉलेजों के बीच आने-जाने में विद्यार्थियों का काफी समय बर्बाद होगा, जिससे उनकी नियमित पढ़ाई और शोध कार्य प्रभावित होंगे। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। परिषद का कहना है कि अलग-अलग केंद्रों और कॉलेजों में जाकर पढ़ाई करना छात्राओं के लिए सुरक्षा की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वर्तमान समय में परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण यह व्यवस्था पूरी तरह छात्र-विरोधी साबित होगी। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सरकार से 24 घंटे के भीतर इस काले कानून को वापस लेने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो परिषद सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन करेगी। प्रदेश शोध संयोजक कृष्णा त्रिवेदी ने कहा कि छात्रहित और शिक्षा की सुलभता को ध्यान में रखते हुए सरकार को री-स्ट्रक्चरिंग एवं क्लस्टर सिस्टम का निर्णय तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो परिषद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। मौके पर अभिजीत सिन्हा, सदानंद राय, अंकुश सिंह, कृष पासवान, संदीप वर्मा, दीपक वर्मा, मुन्ना पंडित, विवेक, देवराज, मनोहर उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top