Last Updated:
झारखंड में मौसम के दो रूप दिख रहे हैं. डालटनगंज 44.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म है. जमशेदपुर और बोकारो में भी भीषण लू चल रही है. दूसरी ओर मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी दी है. गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.
झारखंड वेदर अपडेट
रांचीः झारखंड में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह त्रस्त है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज शनिवार को भी सुबह से ही तीखी धूप और उमस का टॉर्चर शुरू हो गया है. शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में पारा सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया था, और आज भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क और गर्म बना रहेगा, जिससे दोपहर के समय लू (हीट वेव) का कहर जारी रहेगा.
पलामू में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान
- तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो डालटनगंज इस समय राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. वहीं औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में पारा 43.1 डिग्री, चाईबासा में 41.8 डिग्री और बोकारो में 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. बोकारो में रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे उमस और बेचैनी वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा सरायकेला, कोडरमा और लोहरदगा में भी पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है.
रांची के मौसम का हाल
- राजधानी रांची की बात करें तो आज शनिवार और कल रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि, रांची वासियों के लिए आज थोड़ी राहत भरी खबर भी है. मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है. अगर आज बारिश होती है, तो बढ़ते पारे पर अस्थायी लगाम लग सकती है. लेकिन यह राहत बेहद कम समय के लिए होगी, क्योंकि सोमवार (25 मई) को रांची का तापमान इस सीजन के अपने सबसे उच्चतम स्तर यानी 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
इन इलाकों में बारिश का अनुमान
- एक तरफ जहां राजधानी समेत दक्षिण-मध्य हिस्से गर्मी से उबल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी झारखंड के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आगामी एक से दो दिनों के भीतर पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार समेत आसपास के जिलों में तेज हवाओं और मेघ गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को आकाशीय बिजली (वज्रपात) से सावधान रहने की चेतावनी दी गई है.
इन बातों का रखें ध्यान
- मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है. बेहद जरूरी होने पर सिर और चेहरे को सूती कपड़े से ढककर ही बाहर निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. फिलहाल समय पर बारिश न होने के कारण बाजारों में दोपहर के वक्त सन्नाटा पसर जाता है, जबकि राज्यभर में बिजली और पानी की डिमांड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.