भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

एसबीआई कर्मचारियों की 16 सूत्री मांगों पर 25-26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल




भास्कर न्यूज | गिरिडीह भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्री मांगों को लेकर 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। इस संबंध में जानकारी एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव देवराज आनंद ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित मांगों पर बैंक प्रबंधन की उदासीनता के कारण कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। एसोसिएशन के अनुसार, कर्मचारियों की कई पुरानी और जायज मांगों को लेकर प्रबंधन के साथ कई बार वार्ता की गई तथा लिखित रूप से ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इसी कारण देशभर के एसबीआई कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और आंदोलन की स्थिति बन गई है। जानकारी के अनुसार, 23 मई को बैंक प्रबंधन और एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के बीच अंतिम दौर की वार्ता प्रस्तावित है, लेकिन कर्मचारी संगठन का मानना है कि इस वार्ता से सकारात्मक परिणाम निकलने की संभावना कम है। यदि वार्ता असफल रहती है तो 25 और 26 मई को पूरे देश में बैंक कर्मी कार्य बहिष्कार करेंगे। गिरिडीह जिले की स्थिति की बात करें तो यहां एसबीआई की कुल 36 शाखाएं संचालित हैं। हड़ताल के दौरान सभी शाखाओं में पूर्ण रूप से कामकाज बंद रहेगा। इस दौरान कर्मचारी अपनी-अपनी शाखाओं के मुख्य द्वार पर बैनर लगाकर धरना प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाएंगे। कर्मचारियों की 16 सूत्री मांगों में वर्ष 2019 के बाद नियुक्त नए कर्मचारियों का इंटर-सर्किल ट्रांसफर, एनपीएस फंड मैनेजर चुनने का अधिकार, मेसेंजर स्टाफ की स्थायी नियुक्ति, आउटसोर्सिंग भुगतान कार्य को समाप्त करना तथा करियर प्रोग्रेशन स्कीम को लागू करना शामिल है। एसोसिएशन का कहना है कि ये सभी मांगें कर्मचारियों के हित से जुड़ी हैं और इन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए। बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका 25 और 26 मई की हड़ताल के कारण पूरे देश में एसबीआई की बैंकिंग सेवाएं बाधित रहने की आशंका है। इसके अलावा 23 से 28 मई तक बैंकिंग कार्य प्रभावित होने की संभावना से ग्राहकों में चिंता का माहौल है। गिरिडीह समेत कई क्षेत्रों में व्यापारियों और आम ग्राहकों के बीच हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है, क्योंकि करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top