Last Updated:
Latehar Best Place To Visit: झारखंड के लातेहार में केचकी संगम गर्मी में लोकप्रिय पर्यटन स्थल बन गया है. जबसे यहां कानपुर से एटीवी बाइक आयी है तब से लोग और रुचि ले रहे हैं. गर्मी की छुट्टियां भी शुरू हो गई हैं, ऐसे में परिवार और दोस्तों के साथ कहीं घूमने का प्लान कर रहे हैं तो ये स्पॉट एक अच्छा ऑप्शन है.
पलामू. गर्मी के मौसम में लोग ऐसी जगह की तलाश करते हैं, जहां प्रकृति की ठंडक, शांति और सुकून एक साथ महसूस हो सके. झारखंड के लातेहार जिले में स्थित केचकी संगम इन दिनों पर्यटकों के लिए ऐसी ही पसंदीदा जगह बन गया है. औरंगा और कोयल नदियों के संगम के रूप में प्रसिद्ध यह जगह प्राकृतिक खूबसूरती का शानदार उदाहरण पेश करती है. हाल की बारिश के बाद यहां का नजारा और भी मनमोहक हो गया है. चारों ओर हरियाली, नदी की बहती धाराएं और रेतीला किनारा लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंच रहे हैं.
पिकनिक मनाएं या घूमने जाएं
बेतला नेशनल पार्क के पास होने के कारण केचकी संगम का महत्व और भी बढ़ जाता है. यह जगह किसी बीच जैसी खूबसूरती का एहसास कराती है, जहां रेत, पानी और पेड़ों की हरियाली मिलकर अलग अनुभव देती है. वन विभाग ने इसे इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया है. यहां पर्यटकों के ठहरने के लिए कॉटेज, टेंट और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे लोग आराम से पिकनिक और घूमने का आनंद ले सकते हैं.
एटीवी बाइक की भी सुविधा
केयरटेकर दिलीप कुमार सिंह बताते हैं कि केचकी संगम का माहौल गर्मी में भी सुकून का एहसास कराता है. यहां दूर-दूर से लोग घूमने आते हैं. नदी किनारे बैठकर लोग शांति महसूस करते हैं. पुल से गुजरती गाड़ियों का दृश्य बच्चों को काफी रोमांचित करता है. यहां पेड़-पौधों की हरियाली और नदी का शांत माहौल लोगों को मानसिक सुकून देता है. उन्होंने बताया कि पर्यटकों के मनोरंजन के लिए यहां एटीवी बाइक की सुविधा भी शुरू की गई है, जो इस जगह का नया आकर्षण बन चुकी है.
दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि यह एटीवी बाइक खास तौर पर रेतीले और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने के लिए बनाई गई है. इसे कानपुर से मंगाया गया है. जहां सामान्य बाइक बालू में फंस जाती है, वहीं यह बाइक तेज रफ्तार से आसानी से चलती है. यही वजह है कि युवा पर्यटक इसका खूब आनंद ले रहे हैं.
कैसे पहुंचे यहां
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित केचकी संगम सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है. यहां निजी वाहन, टैक्सी या ऑटो से आरामदायक सफर किया जा सकता है. प्राकृतिक सुंदरता, रोमांच और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का संगम बन चुका केचकी संगम अब झारखंड की नई पर्यटन पहचान के रूप में तेजी से उभर रहा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें