Last Updated:
Koderma Plastic Furniture: अगर आप घर के लिए मजबूत और बजट में फर्नीचर खरीदने की सोच रहे हैं, तो प्लास्टिक का फर्नीचर भी अच्छा ऑप्शन हो सकता है. खास बात यह है कि अब कई जगहों पर प्लास्टिक के फर्नीचर पर 3 साल तक की गारंटी भी दी जा रही है.
कोडरमा. घर को खूबसूरत बनाने के साथ-साथ रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने में फर्नीचर की अहम भूमिका होती है. पहले घरों में मुख्य रूप से लकड़ी के फर्नीचर का इस्तेमाल किया जाता था. समय के साथ स्टील के फर्नीचर ने भी अपनी जगह बनाई. वहीं पिछले कुछ वर्षों में प्लास्टिक से बने आधुनिक और आकर्षक डिजाइन वाले फर्नीचर तेजी से लोगों की पसंद बनते जा रहे हैं. हालांकि, अब तक प्लास्टिक फर्नीचर खरीदने वाले ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंता उसकी मजबूती और गारंटी को लेकर रहती थी.
अक्सर प्लास्टिक की कुर्सी, टेबल या अन्य सामान टूटने के बाद बेकार हो जाते थे और लोगों को नया सामान खरीदना पड़ता था. लेकिन अब कोडरमा के फर्नीचर बाजार में ग्राहकों को बड़ी राहत मिलने लगी है. यहां प्लास्टिक के कई फर्नीचर ऐसे उपलब्ध हैं, जिन पर पूरे 3 साल की गारंटी दी जा रही है. यानी 3 साल के भीतर फर्नीचर खराब या डैमेज होने पर बदलकर नया सामान दिया जाएगा.
टूटने पर बिना सवाल-जवाब मिलेगा नया फर्नीचर
ब्लॉक रोड स्थित कई फर्नीचर दुकानों के बीच संचालित बीरू फर्नीचर के विक्की कुमार ने बातचीत में बताया कि अब बाजार में बेहतर क्वालिटी के प्लास्टिक फर्नीचर उपलब्ध हैं, जिनमें चेयर, टेबल, डाइनिंग सेट सहित कई आधुनिक डिजाइन शामिल हैं. उन्होंने बताया कि ग्राहकों को इन फर्नीचर पर 3 साल की गारंटी दी जा रही है. इस दौरान किसी भी कारण से फर्नीचर टूटता या खराब होता है, तो ग्राहक को बिना सवाल-जवाब के तुरंत नया फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा.
500 रुपये से शुरू हो रही गारंटी वाली कुर्सी की रेंज
उन्होंने बताया कि 3 साल की गारंटी वाले प्लास्टिक डाइनिंग टेबल, चार कुर्सियों के साथ करीब 4500 रुपये की शुरुआती रेंज में उपलब्ध हैं. वहीं प्लास्टिक कुर्सियों की कीमत 500 रुपये से 800 रुपये तक है. इसके अलावा स्क्वेयर और राउंड टी-टेबल की कीमत 700 से 800 रुपये के बीच रखी गई है.
ग्राहकों को होगी बचत
विक्की कुमार ने बताया कि सामान्य तौर पर 400 से 500 रुपये में मिलने वाली प्लास्टिक कुर्सियां खराब होने के बाद पूरी तरह बेकार हो जाती थीं और लोग उन्हें कबाड़ के भाव 8 से 10 रुपये प्रति किलो बेच देते थे. इससे ग्राहकों का नुकसान होता था. लेकिन अब गारंटी मिलने से ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी. सामान खराब होने पर नया फर्नीचर मिलने से उनकी बचत भी होगी और वे लंबे समय तक बेहतर गुणवत्ता वाला सामान इस्तेमाल कर सकेंगे.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें