![]()
भास्कर न्यूज | दुमका भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत गुरुवार को बासुकीनाथ के वीणा विहार होटल में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू हुआ। दुमका जिला भाजपा ने कार्यक्रम कराया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने की। पूर्व विधायक और जिला वर्ग अधिकारी नारायण दास मौजूद रहे। शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। वंदे मातरम् गीत गाया गया। पहले दिन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोला। कहा, झारखंड भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, प्रशासनिक विफलताओं से जूझ रहा है। जनता विकास और सुशासन चाहती है। मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। मरांडी ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने को कहा। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की बात कही। राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर बात रखी। कहा, भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं। यह राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सोशल मीडिया, नमो ऐप, आधुनिक तकनीक के ज्यादा इस्तेमाल की अपील की। पूर्व राज्यसभा सांसद अभयकांत प्रसाद ने पार्टी का इतिहास एवं विकास विषय पर विचार रखे। प्रशिक्षण में पूर्व विधायक नीरा यादव ने देश की प्रमुख चुनौतियां और निदान के प्रयास विषय पर मार्गदर्शन दिया। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने व्यावहारिक सत्र को संबोधित किया। मिल्टन पाठ सारथी ने सोशल मीडिया, नमो ऐप, सरल ऐप का तकनीकी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना है। संगठन में सक्रियता बढ़ाना है। कार्यक्रम में जिले के भाजपा पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link