![]()
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में 35 वर्षीय दिलीप हांसदा की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार को हुई, जब वह स्नान करने गया था। दिलीप मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार दोपहर वह गांव के बाहर स्थित तालाब में स्नान करने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की। मृतक के भाई प्रकाश हांसदा ने बताया कि देर रात तक उन्होंने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की मदद से तालाब में फिर से खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद दिलीप का शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद गांव में शोक का माहौल छा गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने कहा कि इस दुखद घटना की जानकारी गोविंदपुर अंचलाधिकारी को दी गई है और मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
Source link