गुमला| घाघरा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव निवासी रिपु सिंह पिता निर्मल सिंह ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर घाघरा थाना के वाहन चालक विवेकानंद मिश्र पर डरा धमकाकर एक लाख रूपए की अवैध वसूली करने व कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत की है। रिपु सिंह ने ज्ञापन में कहा है कि 3 जून को करीब चार बजे उसका बालू लेकर घर जा रहे ट्रैक्टर को घाघरा थाना पुलिस के द्वारा बनियाडीह के पास पकड़ा और ट्रैक्टर थाना लेकर पुलिस चली गई। ट्रैक्टर की जब्ती के बाद घाघरा थाना के वाहन चालक विवेकानंद मिश्र के द्वारा मुझे फोन किया गया और कहा कि ट्रैक्टर बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छोड़वा देगा। लेकिन बदले में एक लाख रुपया देना होगा। रिपु सिंह ने कहा कि विवेकानंद के कहने पर उसने गौतम कुमार के बैंक खाते में ऑनलाइन 20 हजार रुपए डलवा दिए। उक्त राशि देने के बाद रात को विवेकानंद ने उसे थाना बुलाया और 80 हजार रुपए देने की बात कही। जिसके बाद मैंने वह पैसे उसे दे दिया। पूरी राशि देने के बाद जब ट्रैक्टर छोड़ने की बात कही तो वह अभद्रता करने लगा और जब पैसे वापस देने की मांग की तो वह मेरे कनपटी में रिवाल्वर सटाकर धमकी दिया कि यदि पैसे देने की जिक्र किसी से करेगा तो तुम्हारे परिवार को मार दूंगा। रिपु सिंह ने एसपी से मामले पर कानूनी कार्रवाई करते हुए अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की। गौतम कुमार व विवेकानंद मिश्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की अपील की। थाना के चालक विवेकानंद मिश्र से उक्त मामले पर पूछे जाने पर कहा कि मेरे ऊपर लगे आरोप निराधार और बेबुनियाद है।
Source link