![]()
लोहरदगा|विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोहरदगा के बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम परिसर में छोटे-छोटे क्रिकेट खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया। वहीं क्रिकेट कोच अमित कुमार व जयजीत चौबे ने खिलाड़ियों को पेड़ों के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और स्वच्छ पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना व उनकी देखभाल करना आवश्यक है। वहीं खिलाड़ियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कोच अमित कुमार ने कहा कि खेल के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को निभाना भी खिलाड़ियों का कर्तव्य है। पौधरोपण जैसे कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन पौधों की नियमित देखभाल के संकल्प के साथ हुआ। गुमला|रायडीह प्रखंड के मुरूम केला, पकरी टोली गांव में वर्षों से चला आ रहा एक आपसी विवाद मिशन बदलाव टीम की मध्यस्थता से सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया। टीम ने ग्रामीण भूषण सिंह के आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए गांव का दौरा किया और पंचों व सम्मानित ग्रामीणों की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता आयोजित की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों को एक मंच पर लाकर गंभीर चर्चा की गई। इसमें पूर्व में पंचायत द्वारा किए गए बंटवारे को ही सर्वसम्मति से मान्य रखते हुए आपसी सहमति से समझौता कराया गया। भविष्य में किसी भी प्रकार के मनमुटाव या विवाद से बचने के लिए दोनों पक्षों ने बकायदा एक लिखित समझौते पर हस्ताक्षर किए और गांव में शांति व भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर मिशन बदलाव के नगर अध्यक्ष ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में शांति, प्रेम और आपसी भाईचारा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि गांव की एकता और सौहार्द ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए किसी भी मतभेद को अदालती चक्करों में उलझाने के बजाय बातचीत और समझदारी से सुलझाएं। मिशन बदलाव का मुख्य उद्देश्य भी समाज में सामाजिक एकता को मजबूत करना है ताकि एक समरस समाज का निर्माण हो सके। विवाद को सुलझाने के लिए आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मिशन बदलाव टीम की सदस्य सोनामती कुमारी, नीलम कुमारी, अनंत कुमार, विवेक पाठक, विमला उरांव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।
Source link