रांची4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
दीपावली को लेकर राजधानी का पटाखा बाजार गुलजार है। इस बार पटाखों की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन ग्राहकों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। पटाखा के होलसेल कारोबारी अंकित साहू के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। दीपावली से एक दिन पहले शनिवार को शहर की पटाखा दुकानों में देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। हर कोई अपने बजट और पसंद के अनुसार पटाखों की खरीदारी करता नजर आया। पर्यावरण संरक्षण को लेकर बढ़ती जागरूकता का असर पटाखा बाजार में भी दिख रहा है। इस बार बाजार में पारंपरिक पटाखों के साथ कई नई वैरायटी भी उपलब्ध हैं। बैट बम, ड्रोन बम, हेलीकॉप्टर बम और स्वास्तिक बम की खूब मांग है। वहीं, बार्बी डॉल, फैन केक और पीकॉक पटाखे बच्चों को आकर्षित कर रहे हैं। 10 से 100 शॉट्स तक के स्काई शॉट्स भी लोगों की पसंद बने हुए हैं। इनसे आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है।
शिवकाशी से आए ग्रीन पटाखों की मांग भी बढ़ी है। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छोटे और कम आवाज वाले पटाखों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कारोबारियों को इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद है। दीपावली को लेकर राजधानी में पटाखों की बिक्री के लिए छह स्थानों पर बाजार सजाए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थलों में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने, बरियातू हाउसिंग ग्राउंड, शास्त्री मैदान चुटिया, सेठ सीताराम मैदान डोरंडा और हरमू मैदान के सामने खुदरा पटाखा बिक्री की व्यवस्था की गई है। वहीं, मोरहाबादी मैदान में थोक पटाखा बाजार लगाया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित स्थलों पर ही पटाखों की बिक्री करने का निर्देश दिया है।
अनार : 80 से 450 चकरी : 50 से 250 बटरफ्लाई : 80 से 150 रॉकेट : 30 से 500 5 से 100 शॉट्स वाले पटाखे : 100 से 800 बैट बम : 300 से 400 घास अनार बम : 360 से 400 हेलीकॉप्टर बम : 320-380 शोर शॉट्स : 300 से 450 मिर्ची बम : 50 से 100 आलू बम : 100 से 250 बताशा बम : 40 से 100 मिनी बुलेट चॉकलेट बम : 45 से 100
