नई दिल्ली (How to Get Job after Graduation). कॉलेज का आखिरी साल खत्म होते ही हर स्टूडेंट के मन में एक ही सवाल घूमता है- अब आगे क्या? हाथ में ग्रेजुएशन की डिग्री आ चुकी होती है, घरवालों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं और दोस्तों के बीच नौकरी लगने की चर्चा शुरू हो जाती है. इस दौर में पढ़ाई की दुनिया पीछे छूटती है और करियर की असली रेस शुरू होती है. लेकिन सही दिशा और जानकारी न होने के कारण कई युवा शुरुआत में भटक जाते हैं और हफ्तों-महीनों तक सिर्फ जॉब पोर्टल खंगालते रह जाते हैं.
ग्रेजुएशन के तुरंत बाद नौकरी कैसे ढूंढें?
ज्यादातर स्टूडेंट्स ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी होते ही इंटर्नशिप या नौकरी ढूंढने लगते हैं. इसके बाद कुछ जॉब के साथ ही मास्टर्स की डिग्री लेते हैं तो कुछ 1-2 साल जॉब करने के बाद पढ़ाई जारी करते हैं. जानिए ग्रेजुएशन के तुरंत बाद नौकरी कैसे ढूंढें.
1. सही और इन-डिमांड स्किल्स सीखें
कॉलेज में आपने जो भी पढ़ा वह थ्योरी थी, लेकिन ऑफिस में काम प्रैक्टिकल होता है. अपनी फील्ड से जुड़ी नई स्किल्स सीखें. उदाहरण के लिए- डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एंट्री, एमएस ऑफिस/एक्सेल, बेसिक कोडिंग या सोशल मीडिया मैनेजमेंट. इसके अलावा अपनी कम्युनिकेशन स्किल्स और इंग्लिश में बात करने की झिझक पर काम करें.
2. रिज्यूमे पर करें काम
किसी भी व्यक्ति का रिज्यूमे ही कंपनियों में उसकी पहली पहचान होता है.
- रिज्यूमे बहुत लंबा न बनाएं, 1 पेज का साफ-सुथरा फॉर्मेट रखें.
- कॉलेज प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप, सेमिनार और जो स्किल्स आपको आती हैं, उन्हें प्रमुखता से लिखें.
- रिज्यूमे में कोई स्पेलिंग या ग्रामर की गलती न हो, इसका खास ख्याल रखें.
3. इंटर्नशिप से करें करियर की शुरुआत
अगर ग्रेजुएशन के तुरंत बाद फुल टाइम जॉब न मिले तो इंटर्नशिप करने से न हिचकिचाएं. 3 या 6 महीने की इंटर्नशिप से कॉर्पोरेट लाइफ का अच्छा अनुभव मिल जाता है. सबसे बड़ी बात है कि कई कंपनियां अच्छा काम देखने के बाद इंटर्न्स को ही फुल टाइम जॉब भी ऑफर कर देती हैं. इंटर्नशिप खत्म करने के बाद उसका सर्टिफिकेट लेना न भूलें. कई कंपनियां इंटर्न्स को स्टाइपेंड भी देती हैं.
4. लिंक्डइन (LinkedIn) पर रहें एक्टिव
मौजूदा दौर में नौकरी पाने के लिए लिंक्डइन सबसे पावरफुल टूल है.
- अपने प्रोफाइल को प्रोफेशनल तरीके से सजाएं.
- जिस फील्ड में जॉब चाहिए, उस इंडस्ट्री के HR और सीनियर लोगों से कनेक्ट हों.
- Naukri.com, Indeed और Internshala जैसे जॉब पोर्टल्स पर अपना प्रोफाइल अपडेट रखें.
5. नेटवर्किंग बढ़ाएं और इंटरव्यू की तैयारी करें
अपने कॉलेज के सीनियर, दोस्तों, प्रोफेसर और रिश्तेदारों को बताएं कि आप जॉब ढूंढ रहे हैं. इसमें संकोच करने की जरूरत नहीं है. कई बार रेफरल से जल्दी इंटरव्यू कॉल आ जाती है. कुछ कंपनियों में तो सिर्फ रेफरल के आधार पर ही नौकरी मिलती है. इसके साथ ही बेसिक इंटरव्यू सवालों (जैसे- Tell me about yourself, strengths, weakness) की प्रैक्टिस जरूर करें.