Last Updated:
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया गया है. सीआईडी ने यह कार्रवाई की है. यह गिरफ्तारी जेपीएससी की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित गड़बड़ियों की जांच के बीच हुई है. जेपीएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कुछ समय से सवाल उठ रहे थे. इस मामले में सीआईडी भी जांच कर रही है. इसी जांच के दौरान सीआईडी की टीम ने जेपीएससी मुख्यालय में छापेमारी की थी.
जांच के बीच दिया था इस्तीफा
एल. खियांग्ते ने हाल ही में जेपीएससी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था. उन्होंने ई-मेल के जरिए अपना इस्तीफा राजभवन भेजा था. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था. उनका इस्तीफा ऐसे समय आया था, जब 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर विवाद चल रहा था. छात्रों ने परीक्षा के परिणाम में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया था. इसे लेकर छात्र लगातार आंदोलन भी कर रहे हैं.
सीआईडी कर रही मामले की जांच
मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है. जांच के दौरान जेपीएससी कार्यालय में भी कार्रवाई की गई. अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ के साथ दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. अब पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते की गिरफ्तारी से मामले में नया मोड़ आ गया है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ियां कैसे हुईं और इसमें किन लोगों की भूमिका थी. छात्र लंबे समय से परीक्षा में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…