- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Ranchi
- Minister Dr. Irfan Ansari Inaugurated The Facility And Said That The Installation Of DTMS Will Provide Great Relief To The Patients.
कांके6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

रोटरी क्लब ऑफ रांची एवं सीसीएल के सहयोग से रिनपास में मानसिक रोगों के उपचार के लिए प्रोजेक्ट मानस के तहत अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय डीप ट्रांसक्रैनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (डीप टीएमएस) मशीन स्थापित की गई है। दो करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस अत्याधुनिक मशीन का उद्घाटन बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने किया।
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि बच्चों और युवाओं में मानसिक समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में रिनपास में डीटीएमएस मशीन की स्थापना मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने इस पहल के लिए रोटरी क्लब और सीसीएल प्रबंधन का आभार जताया और सीएसआर के माध्यम से स्वास्थ्य और स्थानीय विकास कार्यों में सहयोग बढ़ाने की अपील की। कहा कि झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। मौके पर मौजूद कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि डीटीएमएस मशीन मानसिक रोगियों के लिए वरदान साबित होगी। रोटरी क्लब रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि रिनपास में डीटीएमएस मशीन की स्थापना मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला कदम है। इस तकनीक के माध्यम से अवसाद, चिंता और अन्य मानसिक रोगों के मरीजों को आधुनिक एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध होगा।
रोटरी गवर्नर नम्रता ने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहल जारी रहेगी। सीसीएल (सीएसआर) जीएम सिद्धार्थ शंकर लाल ने कहा रांची रिनपास में ट्राइबल्स एवं जरूरतमंदों के बीच ऐसी अंतरराष्ट्रीय लेवल की सुविधा देकर हमें अपार खुशी हो रही है। प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव बागरॉय ने प्रोजेक्ट मानस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डीटीएमएस मशीन से मानसिक रोगों के उपचार को नई दिशा मिलेगी। यह मशीन आधुनिक, सुरक्षित और गैर-आक्रामक उपचार तकनीक पर आधारित है। ललित त्रिपाठी ने रोटरी के कार्यकलापों के बारे में चर्चा की। मंच संचालन डीजीएन मुकेश तनेजा ने किया।
डीटीएमएस मशीन की स्थापना संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह अत्याधुनिक तकनीक मानसिक रोगों के उपचार में नई संभावनाएं खोलेगी और मरीजों को बेहतर, सुरक्षित तथा प्रभावी इलाज उपलब्ध कराएगी। अवसाद, ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को इस तकनीक का विशेष लाभ मिलेगा। -जयंती सिमलाई, डायरेक्टर, रिनपास
