प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वारंगल (तेलंगाना) में भारत के पहले पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन कर वैश्विक कपड़ा बाजार में एक बड़े बदलाव का शंखनाद कर दिया है. 1,695.54 करोड़ रुपये की लागत और 1,327 एकड़ में फैला यह पार्क केवल एक औद्योगिक क्षेत्र नहीं बल्कि बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों के टेक्सटाइल वर्चस्व को सीधी चुनौती है. फार्म टू फॉरेन के 5F विजन के साथ भारत अब कच्चे माल के निर्यातक से बदलकर तैयार कपड़ों के वैश्विक हब बनने की राह पर है. जानकारों का मानना है कि वारंगल से शुरू हुई यह क्रांति बांग्लादेश के कपड़ा बाजार के लिए डेड एंड साबित हो सकती है.
टेक्सटाइल की वैश्विक जंग में भारत का चेकमेट
वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन केवल एक फैक्ट्री का खुलना नहीं है बल्कि यह बांग्लादेश के उस एकाधिकार को खत्म करने की शुरुआत है जो उसने पिछले दो दशकों में बनाया था. यदि भारत के सातों पार्क इसी गति से शुरू हो गए तो आने वाले समय में दुनिया के हर बड़े स्टोर पर मेड इन बांग्लादेश की जगह मेड इन इंडिया का लेबल दिखाई देगा.
PM MITRA पार्क की खूबियां और बांग्लादेश पर असर
1. लॉजिस्टिक्स की मार: एक ही छत के नीचे सब कुछ
बांग्लादेश के साथ सबसे बड़ी समस्या यह है कि वहां कपड़ा उद्योग बिखरा हुआ है. पीएम मित्र पार्क में स्पिनिंग, बुनाई, प्रोसेसिंग, प्रिंटिंग से लेकर गारमेंटिंग तक एक ही परिसर में होगा. इससे लॉजिस्टिक्स लागत में भारी कमी आएगी, जिससे भारतीय कपड़े वैश्विक बाजार में बांग्लादेशी कपड़ों से कहीं ज्यादा सस्ते और प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे.
2. 5F विजन: खेत से लेकर विदेश तक का सफर
भारत के पास कपास का विशाल भंडार है. अभी तक हम कच्चा कपास निर्यात करते थे और बांग्लादेश उसे प्रोसेस कर दुनिया को बेचता था. अब मोदी सरकार के 5F विजन (Farm to Fiber to Factory to Fashion to Foreign) के तहत वारंगल का किसान सीधे फैक्ट्री को कपास देगा और वहां से तैयार फैशन सीधे विदेश जाएगा. यह बांग्लादेश के’कच्चे माल के स्रोत पर सीधी चोट है.
3. बड़े पैमाने पर उत्पादन
वारंगल पार्क 1,327 एकड़ में फैला है जो 24,000 से अधिक प्रत्यक्ष नौकरियां पैदा करेगा. इतनी बड़ी क्षमता वाला इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क दुनिया में विरले ही हैं. जब उत्पादन इतने बड़े पैमाने पर होगा तो प्रति यूनिट लागत 10 से 15 प्रतिशत घटेगी, जिससे भारत उन ऑर्डर्स को हथियाने में कामयाब होगा जो अब तक ढाका जाते थे.
4. आधुनिक तकनीक और सस्टेनेबिलिटी
यूरोप और अमेरिका के बड़े ब्रांड अब सस्टेनेबल टेक्सटाइल मांग रहे हैं. पीएम मित्र पार्कों को विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज और रिन्यूएबल एनर्जी के साथ डिजाइन किया गया है. बांग्लादेश के पुराने और असुरक्षित कारखानों की तुलना में विदेशी खरीदार अब भारत के इन आधुनिक पार्कों को प्राथमिकता देंगे.
5. महिला सशक्तिकरण और लेबर एडवांटेज
कपड़ा उद्योग में महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक होती है. वारंगल पार्क खासतौर पर महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा कर रहा है. भारत की स्किल्ड लेबर और केंद्र सरकार की PLI स्कीम का दोहरा फायदा बांग्लादेश के सस्ते श्रम के मुकाबले भारत को क्वालिटी और स्पीड में आगे खड़ा कर देगा.
सवाल-जवाब
पीएम मित्र योजना के तहत कुल कितने पार्कों को मंजूरी मिली है?
सरकार ने कुल सात साइटों को मंजूरी दी है, जिनमें तेलंगाना (वारंगल) के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और गुजरात शामिल हैं.
क्या यह पार्क वास्तव में बांग्लादेश के टेक्सटाइल मार्केट को नुकसान पहुंचाएगा?
निश्चित रूप से. अब तक बांग्लादेश भारतीय कपास और धागे पर निर्भर था. अब भारत खुद उन धागों से कपड़े बनाकर सीधे निर्यात करेगा जिससे बांग्लादेश के पास वैल्यू एडिशन का मौका कम हो जाएगा और भारत के एक्सपोर्ट वॉल्यूम में भारी बढ़ोतरी होगी.
वारंगल पार्क से कितनी नौकरियों की उम्मीद है?
इस परियोजना से 24,400 से ज्यादा प्रत्यक्ष नौकरियां और हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है, जिनमें से कई नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी हैं.