Last Updated:
TMC Leader Ashis Banerjee: आशीष बनर्जी पांच बार तृणमूल कांग्रेस से विधायक बने. वह ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री भी थे. 2026 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर मैदान में उतरे आशीष बनर्जी को बीजेपी उम्मीदवार ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.
ममता बनर्जी की सरकार में आशीष बनर्जी मंत्री भी रह चुके थे. (फाइल फोटो)
TMC Leader Ashis Banerjee: पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट में वार्ड नंबर 5 के हताताला पाड़ा स्थित अपने घर पर बने पार्टी दफ्तर में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके कार्यालय के बाहर जमा हो गए. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी.
सूत्रों ने बताया कि रामपुरहाट में बनर्जी के आवास के पास स्थित पार्टी कार्यालय से एक कथित ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद हुआ है. आशीष बनर्जी पश्चिम बंगाल की राजनीति का जाना-माना नाम थे. रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे बनर्जी पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री भी रह चुके थे. उन्होंने स्कूल शिक्षा, कृषि और आयुष जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी. उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद पर भी काम किया.
राजनीतिक जीवन में आशीष बनर्जी ने शिक्षा और कृषि जैसे अहम विभागों को संभालते हुए राज्य में कई योजनाओं पर काम किया था। डिप्टी स्पीकर रहते हुए भी वह विधानसभा की कार्यवाही में सक्रिय भूमिका निभाते थे. इसी साल 2026 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वह रामपुरहाट सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ध्रुव साहा से कड़े मुकाबले में चुनाव हार गए थे. हार के बाद भी वह इलाके में सक्रिय थे और पार्टी कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहते थे.
उनके निधन की खबर फैलते ही रामपुरहाट में शोक की लहर दौड़ गई। समर्थक उनके आवास के बाहर जुटे और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.