Last Updated:
वाइपर प्रजाति के सांप अंडे देने के बजाय सीधे बच्चों को जन्म देते हैं. पलामू के सर्प विशेषज्ञ के अनुसार, इनके अंडे शरीर के अंदर ही विकसित होते हैं. भ्रूण का पोषण स्तनधारियों की तरह नहीं, बल्कि अंडे के पोषक तत्वों से होता है. अधिकांश अन्य सांप अंडे ही देते हैं.
पलामूः मानसून के सीजन में बारिश के कारण सांप अक्सर अपने बिलों और छिपने के स्थानों से बाहर निकलते नजर आते हैं. यह समय कई सांपों के प्रजनन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होता है. बारिश के दिनों में सांपों के जोड़े भी कई बार एक साथ दिखाई देते हैं. ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर सभी सांप अंडे देते हैं या कुछ सांप सीधे बच्चों को जन्म भी देते हैं.
दरअसल, सांपों की अलग-अलग प्रजातियों में प्रजनन की प्रक्रिया अलग-अलग होती है. अधिकांश सांप अंडे देते हैं, जबकि कुछ प्रजातियों में अंडे शरीर के अंदर विकसित होते हैं और बच्चे बाहर निकलते हैं. पलामू के सर्प विशेषज्ञ ने इस बात को साझा किया है.
वाइपर समूह में अंडे के बजाय बच्चे निकलते हैं
पलामू के विशेषज्ञ डॉ. डीएस श्रीवास्तव बताते हैं कि वाइपर समूह के सांपों में सामान्य तौर पर अंडे बाहर देने की प्रक्रिया नहीं होती है. इनके शरीर के अंदर ही अंडों के विकसित होने की प्रक्रिया होती है. मादा सांप के शरीर के अंदर एक विशेष स्थान पर अंडा का विकास होता है और जब विकास पूरा हो जाता है तो बच्चे शरीर से बाहर निकलते हैं. यही कारण है कि देखने में ऐसा लगता है कि मादा सांप सीधे बच्चों को जन्म दे रही है. हालांकि यह प्रक्रिया स्तनधारी जीवों से बिल्कुल अलग है. स्तनधारी जीवों में बच्चे को मां के शरीर से रक्त के माध्यम से पोषण मिलता है, जबकि इन सांपों में भ्रूण का पोषण मुख्य रूप से अंडे में मौजूद पोषक तत्वों से होता है.
शरीर के अंदर ही पूरा होता है विकास
उन्होंने कहा कि वाइपर समूह के सांपों में अंडा बाहर जमीन या किसी सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा जाता. अंडे शरीर के अंदर ही रहते हैं और वहीं उनका विकास पूरा होता है. जब भ्रूण पूरी तरह विकसित हो जाता है, तो बच्चे के रूप में बाहर निकलता है. सांपों की प्रजनन प्रक्रिया को लेकर अक्सर यह भ्रम रहता है कि बच्चे देने वाले सभी सांप स्तनधारियों की तरह बच्चों को जन्म देते हैं, जबकि ऐसा नहीं है. अलग-अलग प्रजातियों में प्रजनन और भ्रूण के विकास की प्रक्रिया अलग होती है.
अधिकांश सांप देते हैं अंडे
उन्होंने कहा कि वाइपर समूह के अलावा अधिकांश सांप अंडे देने वाली प्रजातियों में आते हैं. मादा सांप सुरक्षित स्थान चुनकर अंडे देती है, जिनसे निश्चित अवधि के बाद बच्चे निकलते हैं. हालांकि सभी सांपों में अंडों की देखभाल की आदत भी एक जैसी नहीं होती. उदाहरण के तौर पर किंग कोबरा अंडे देने के बाद उनके लिए घोंसला बनाता है और अंडों की सुरक्षा करता है. ऐसे में सांपों की दुनिया में प्रजनन की प्रक्रिया काफी विविध और रोचक है. इसलिए बच्चे देने वाले सांपों को लेकर फैली भ्रांतियों के बजाय उनकी प्रजाति और वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझना जरूरी है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें