सिटी रिपोर्टर | बोकारो अक्षय नवमी के पावन अवसर पर सोमवार को बोकारो के सिटी पार्क में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। महिलाओं ने आंवला वृक्ष पर जल अर्पित कर रोली, अक्षत, फूल, धूप-दीप और नैवेद्य से पूजा की। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर आंवला नवमी की व्रत कथा सुनी। धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी मनाई जाती है। इसे अक्षय नवमी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए इस दिन आंवला वृक्ष की पूजा करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि आती है। पूजा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन तैयार किया और प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक परंपरा में इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने और दान-पुण्य करने का भी विशेष महत्व बताया गया है। महिलाओं ने परिवार के सदस्यों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और संतान की उन्नति के लिए प्रार्थना की। आंवला नवमी का पर्व प्रकृति और धार्मिक आस्था के अनूठे संगम का प्रतीक भी है। आंवले के वृक्ष को आयुर्वेद में औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ यह पर्व लोगों को वृक्षों के संरक्षण और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश भी देता है। सिटी पार्क में पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
Source link