![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना अंतर्गत आसुरा गांव के सुरजाबासा में गुरुवार शाम एक पांच वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद बुडीउली (5) के रूप में हुई है। आनंद अपनी मां अंकिता बुडीउली के साथ गांव स्थित सरकारी तालाब में नहाने गया था। उस समय उसकी मां भी तालाब में स्नान कर रही थी, जबकि आनंद पास में ही खेलते हुए नहा रहा था। मां की नजरों से ओझल हो गया इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और मां की नजरों से ओझल हो गया। जब काफी देर तक आनंद दिखाई नहीं दिया तो उसकी मां ने घबराकर उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था। इसके बाद उसके पिता सुखलाल बुडीउली ने तत्काल एक छोटा हाथी वाहन किराये पर कर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। सरकारी तालाब पिछले दो साल से अधूरा मृतक की मां अंकिता बुडीउली ने आरोप लगाया कि गांव का सरकारी तालाब पिछले दो वर्षों से जीर्णोद्धार के नाम पर अधूरा पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि तालाब का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य टाटा स्टील द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन अब तक सीढ़ी और घाट का निर्माण पूरा नहीं किया गया है। इसके कारण तालाब असुरक्षित बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तालाब में कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने अधूरे तालाब का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Source link