![]()
कांग्रेस : भाजपा ऑफिस का घेराव करने गए थे, हमपर अंडे, बोतल और पत्थर से हमला किया…
भाजपा : हमारे ऑफिस के पास कांग्रेस ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला किया… नीट पेपर लीक मामले में गुरुवार को रांची में भारी बवाल हुआ। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हरमू रोड स्थित भाजपा कार्यालय घेराव करने पहुंचे थे। जहां दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे पर पानी की बोतल, अंडे और टमाटर फेंके। डंडे भी चले। मामला बिगड़ने पर पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ा। इस दौरान करीब दो घंटे तक यह इलाका रणक्षेत्र बना रहा। कांग्रेस ने पहले ही भाजपा ऑफिस के घेराव की घोषणा कर रखी थी। इसे देखते हुए पुलिस ने हरमू चौक से अरगोड़ा चौक तक बैरिकेडिंग कर रखी थी। कांग्रेस के रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा और रांची जिला ग्रामीण अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता हरमू मैदान से प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। लेकिन पुलिस ने भाजपा कार्यालय से पहले लगाए गए बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ता उग्र हो गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। दूसरी ओर प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर पहले से बड़ी संख्या में कार्यकर्तामोजूद थे। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। इससे माहौल गरमा गया। दोनों तरफ से अंडे और टमाटर फेंके जाने लगे। कुछ देर बाद पथराव भी शुरू हो गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। पत्थर लगने से दो कैमरामैन संजय टोप्पो और ललन भी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और बलप्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, एसडीओ समेत कई अधिकारी पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वापस लौटे। भाजपा कार्यकर्ता भी पार्टी कार्यालय में चले गए। पत्थरबाज राजनीति को खिड़की से झांकता रहा बेबस भविष्य
घटनाक्रम…
12.05 बजे- हरमू मैदान से कांग्रेस का प्रदर्शन शुरू
12.10 बजे- भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से निकले, जिन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास रोका
12.15 बजे- हरमू चौक से आगे बने बैरिकेडिंग पर पुलिस ने कांग्रेस को रोका
12.25 बजे- कांग्रेस और भाजपा की ओर से नारेबाजी।
12.40 बजे- पहले टमाटर, फिर अंडे व पानी के बोतलें दोनों ओर से चलने लगे।
12.50 बजे- बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के साथ पुलिस से झड़प शुरू
1.10-1.40 बजे- दोनों ओर से अंडे, डंडे, पत्थर और बोतल फेंके जाते रहे
2.10 बजे – पार्टियों का प्रदर्शन समाप्त। थाने में कांग्रेस ने एक, भाजपा ने दो शिकायतें कीं
कांग्रेस-आदित्य व बाबूलाल के कहने पर हमला
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत की है। इसमें कहा गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। बैरिकेडिंग के पीछे से ही नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य कुमार साहू व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कहने पर भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव, अशोक बड़ाईक, याेगेंद्र प्रताप सिंह, शशांक राजा, रवि मुंडा, वरुण साहु, संजय महताे, नीलम चाैधरी, सत्यनारायण सिंह, रमेश सिंह, संजय जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंडा, पानी की बोतलें, शीशे की बोतलें, पत्थर डंडे फेंककर हमला किया। भाजपा-केशव व बंधु तिर्की के निर्देश पर हमला
भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार ने भी अरगोड़ा थाने में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत की है। इसमें कहा है कि 23 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश व पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के निर्देश पर हजारों कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडे, रॉड और पत्थर से भाजपा कार्यालय पर हमला किया। वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे तो कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कुमार राजा, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, प्रदीप तुलस्यान, राकेश सिन्हा, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, किशोर शाहदेव ने हमला किया। बड़े फैसले: शिक्षा मंत्रालय के 2 अफसर बदले; दिल्ली में फास्ट ट्रैक कोर्ट
नीट पेपर लीक पर चल रहे विरोध के बीच गुुरुवार रात कई बड़े फैसले लिए गए… पहला- शिक्षा मंत्रालय के दो अधिकारी बदले गए। उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला किया गया है। उन्हें पंचायती राज मंत्रालय में भेजा गया। नरेश पाल गंगवार नए उच्च शिक्षा सचिव होंगे। आईएएस अफसर टीके अनिल कुमार स्कूल शिक्षा सचिव बनाए गए हैं। दूसरा- दिल्ली हाई कोर्ट ने फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का ऐलान किया। अनु ग्रोवर बलिगा को विशेष जज नियुक्त किया है। दोपहर 12:30 बजे सीजेपी से वार्ता संभव
सीजेपी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे सरकार से बात करेगा। सीजेपी ने पुलिस बर्बरता के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है। रात 1:26 बजे सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके ने कहा- सोनम सर का अनशन खत्म करना राहत की बात है। आपने देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया। लेकिन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
Source link