भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

आंध्र प्रदेश को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पीएम मोदी ने भोगपुरम में...


होमताजा खबरदेश

आंध्र प्रदेश को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

Last Updated:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया. करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट पर 17 अगस्त से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होंगी. पहले चरण में इसकी क्षमता सालाना 60 लाख यात्रियों की होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों तक किया जाएगा. सरकार का कहना है कि यह एयरपोर्ट उत्तर आंध्र में उद्योग, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देगा.

आंध्र प्रदेश को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पीएम मोदी ने किया उद्घाटनZoom

प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश में पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बने भोगपुरम हवाई अड्डे का उद्घाटन किया

आंध्र प्रदेश को नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यानी शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया. 5,000 करोड़ रुपये की लागत से यह एयरपोर्ट बना है.

आंध्र प्रदेश सरकार जीएमआर समूह द्वारा विकसित किए जा रहे लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत वाले भोगपुरम हवाईअड्डे को केवल एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं, बल्कि पूरे उत्तर आंध्र क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी संपत्ति के रूप में देखती है.

सरकार का मानना है कि इस हवाई अड्डे की परिकल्पना औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात को बढ़ावा देने, कौशल विकास और अनुसंधान को गति देने वाले एक प्रमुख उत्प्रेरक के रूप में की गई है.

पहले चरण में इस हवाई अड्डे को प्रतिवर्ष 60 लाख यात्रियों की क्षमता के अनुरूप तैयार किया गया है, जबकि मास्टर प्लान के तहत भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर प्रतिवर्ष चार करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने की योजना है.

हवाई अड्डे पर वाणिज्य उड़ान संचालन 17 अगस्त से शुरू होगा. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने प्रधानमंत्री को हवाई अड्डे की मुख्य विशेषताओं के बारे में बताया. बाद में प्रधानमंत्री मोदी इस दक्षिणी राज्य में लगभग 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे.

आंध्र प्रदेश के जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का मंत्र है ‘इन्वेस्टमेंट से रोजगार.’ उन्होंने कहा कि जब निवेश बढ़ता है, तो नई फैक्ट्रियां लगती हैं. इससे मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट बढ़ता है. इसका सीधा फायदा लोगों को रोजगार के रूप में मिलता है.

पीएम मोदी ने कहा कि यह नया एयरपोर्ट सिर्फ हवाई यात्रा की सुविधा नहीं देगा, बल्कि उत्तर आंध्र के विकास को भी नई रफ्तार देगा. उन्होंने बताया कि 2014 में देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे. आज यह संख्या बढ़कर 166 हो गई है. उन्होंने कहा कि उड़ान योजना की वजह से अब छोटे शहरों और आम परिवारों के लोग भी हवाई सफर कर रहे हैं.

पीएम मोदी ने अपने भाषण में आंध्र प्रदेश की कई विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, रेलवे, पोर्ट और एयरपोर्ट का नेटवर्क तेजी से मजबूत किया जा रहा है. सेमीकंडक्टर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम चल रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की तारीफ की. पीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार मिलकर आंध्र प्रदेश के विकास को तेज गति से आगे बढ़ा रही है.

About the Author

Shankar Pandit

Shankar Pandit has more than 10 years of experience in journalism. Before News18 (Network18 Group), he had worked with Hindustan times (Live Hindustan), NDTV, India News Aand Scoop Whoop. Currently he handle ho…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top