अगस्त की शुरुआत देशभर में मानसून के दमदार तेवर के साथ होने जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसकी सबसे बड़ी वजह दक्षिण-पूर्व राजस्थान और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र है, जो भले ही अगले 24 घंटे में कमजोर पड़ सकता है, लेकिन इसका असर उत्तर भारत से लेकर पश्चिमी तट, मध्य भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को कई राज्यों में झमाझम बारिश के साथ आंधी, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है.
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, राजस्थान, केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. गुजरात के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश की भी आशंका है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को बादल पूरे दिन डेरा डाले रह सकते हैं. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है. बारिश के चलते लोगों को उमस से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय ट्रैफिक जाम तथा जलभराव जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं.
आईएमडी ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बारिश के दौरान बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी में तक झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है. 2 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी बारिश का दायरा बढ़ेगा.
पूर्वांचल में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश से नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और किसानों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे रहेंगे भारी
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं. कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है. चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है. नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.
बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा
बिहार में रविवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है.
झारखंड में भी बारिश का अलर्ट
झारखंड में 2 अगस्त को अच्छी बारिश होने की संभावना है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.
देश के बाकी हिस्सों में कैसा हाल?
केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है.
तेज बारिश के साथ समुद्री इलाकों में हवाएं भी तेज चलेंगी. यही वजह है कि मौसम विभाग ने गुजरात, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और कोंकण-गोवा के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.
कुल मिलाकर 2 अगस्त को कई राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों से दूर रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.