![]()
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि में शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। इस बार चारों दिन ग्रह-गोचरों का उत्तम संयोग बन रहा है। शुक्रवार को नक्षत्र, धृति योग और रवियोग के संयोग में नहाय-खाय हो रहा है। व्रती सुबह नदी-तालाब या घर में पवित्र स्नान करेंगे। फिर पूरे घर, विशेषकर रसोई की साफ-सफाई के बाद चने की दाल, अरवा चावल का भात और कद्दू की सब्जी तैयार करेंगे। सबसे पहले सूर्यदेव और छठी मैया को इस सात्विक भोजन का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करेंगे। व्रती के भोजन के बाद परिवार के सदस्य और आस-पड़ोस के लोग यह प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही महापर्व छठ की शुरुआत हो जाएगी। नहाय-खाय का यह अनुष्ठान सिर्फ शारीरिक शुद्धता नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक पवित्रता के साथ कठिन व्रत के संकल्प का प्रतीक है। राज्य के हर कोने में इस पर्व को लेकर उल्लास दिख रहा है। नहाय-खाय को लेकर गुरुवार को बाजारों में खासी चहल-पहल रही। देर रात तक लोग कद्दू की खरीदारी करते रहे। छठ की शुरुआत कद्दू-भात के प्रसाद से होने के कारण इसकी मांग बढ़ गई है। बाजार में कद्दू की कीमत 100 रुपए तक पहुंच गई है। खरना कल… दो दिन में सुधा चार लाख, मेधा दो लाख लीटर दूध की सप्लाई करेगी शनिवार को खरना है। इस दिन रांची में दूध की मांग काफी बढ़ गई है। इसके लिए दूध कंपनियां भी तैयार है। अगले दो दिन में सुधा दूध कंपनी चार लाख लीटर, मेधा 2 लाख लीटर और अन्य कंपनियां दो लाख लीटर दूध उपलब्ध कराएंगी। मेधा के मार्केटिंग हेड अमृतेश कुमार ने बताया कि इस बार दूध की मांग पिछले साल से दोगुनी हो गई है। वहीं सुधा के मार्केटिंग हेड अश्विनी कुमार ने कहा कि दूध की मांग को देखते हुए कंपनी पूरी सप्लाई करने की तैयारी में है। हरमू रोड गोशाला में भी 510 लीटर दूध बिकेगा: हरमू रोड स्थित गोशाला में भी खरना पर दूध मिलेगा। यहां सुबह 300 लीटर और शाम में 210 लीटर दूध उपलब्ध होगा। दूध वितरण सुबह 6 बजे से शुरू होगा। देसी गाय का दूध 84 रुपए और जर्सी गाय का दूध 60 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। अर्घ्य… तीन साल बाद दुर्लभ महासंयोग बन रहा, सूर्य के दिन रविवार को पहला अर्घ्य इस बार आस्था और पंचांग का अत्यंत दुर्लभ महासंयोग बना है। सूर्यदेव को समर्पित दिन रविवार को ही महापर्व का पहला संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। यह विशेष महासंयोग तीन साल बाद बना है। इससे पहले रविवार को पहला अर्घ्य 19 नवंबर 2023 को पड़ा था। उससे पूर्व यह संयोग 30 अक्टूबर 2022, 6 नवंबर 2016 और 10 नवंबर 2002 को बना था। इसके लिए राजधानी के 72 घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 63 कृत्रिम तालाब भी बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं 501 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। सभी घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, ताकि घाट रोशनी से जगमग रहे। कई घाटों पर गंगाजल और दूध वितरण की व्यवस्था भी की गई है। चक्रवात का असर नहीं… छठ पर मौसम साफ रहेगा, अर्घ्य के दिन रांची का न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद इस बार छठ पर मौसम साफ रहेगा। नहाय-खाय के दिन सुबह कुहासा रहेगा, लेकिन बाद में आसमान साफ हो जाएगा। वहीं खरना के दिन बादल छाए रह सकते हैं। अर्घ्य के दिन 15 और 16 नवंबर को मौसम साफ रहेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मौसमी गतिविधियां बढ़ रही हैं। 13 नवंबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदल सकता है। आगे चलकर इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। लेकिन इस सिस्टम का झारखंड पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि छठ के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
Source link