![]()
आदिवासी नेत्री निशा भगत की खुदकुशी मामले में पुलिस ने शनिवार को एसआईटी गठित कर दी है। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देश पर गठित यह टीम खुदकुशी के कारणों की पड़ताल करेगी। एसआईटी पता लगाएगी कि निशा को किसने परेशान किया। वह किस बात पर इतना ज्यादा तनाव में थी कि फेसबुक पर लाइव आकर खुदकुशी कर ली। मामले में लापरवाही के आरोपों को देखते हुए पिठौरिया थानेदार सतीश कुमार को जांच से पूरी तरह से अलग रखा गया है। निशा ने शुक्रवार को खुदकुशी की थी। इससे पहले फेसबुक पर लाइव आकर कई लोगों पर प्रताड़ना और चरित्र हनन का आरोप लगाया था। पिठौरिया थानेदार को फोन कर जीवन लीला समाप्त करने की सूचना दी थी, जिसे सुनकर थानेदार ने फोन काट दिया था। ज्योत्सना बोली… जांच करा लें, मैं मदद को तैयार निशा के पिता हंदू भगत ने एफआईआर में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और जमीन दलालों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी को साजिश के तहत मुकदमे में फंसाकर प्रताड़ित किया गया। मानसिक दबाव बनाया गया, जिसकी वजह से उसने जान दी। इस पर ज्योत्सना केरकेट्टा ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर कार्रवाई नहीं होती है। निशा को इतने दिनों से भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने इस्तेमाल किया। अब उसके पिता को भी इस्तेमाल कर रहे हैं। किसी से भी जांच करा लें, मैं हर स्तर पर मदद को तैयार हूं। फिलहाल मैं पीड़ित पक्ष के साथ हूं। पैतृक गांव उरू बारडीह में अंतिम संस्कार, पिता ने दी मुखाग्नि निशा भगत का शनिवार को पैतृक गांव गुमला के उरू बारडीह में अंतिम संस्कार किया गया। पिता हंदू भगत ने उन्हें मुखाग्नि दी। शुक्रवार रात गुमला के डीएसपी रोड स्थित आवास पर शव पहुंचते ही यहां नेताओं और शुभचिंतकों का हुजूम उमड़ने लगा था। शनिवार दोपहर यहां से अंतिम यात्रा शुरू हुई। अंतिम संस्कार में तीन पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और मधु कोड़ा सहित कई नेता शामिल हुए।
Source link