Last Updated:
Jamshedpur Head Post Office Aadhaar Service: जमशेदपुर प्रधान डाकघर में आधार से जुड़े काम अब पहले से आसान हो जाएंगे. यहां रोज सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक आधार अपडेट, नया पंजीकरण समेत कई सुविधाएं मिलेंगी. इससे लोगों की परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है.
जमशेदपुर. जमशेदपुर शहर के लोगों के लिए आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को और आसान बनाने के उद्देश्य से डाक विभाग ने एक खास पहल शुरू की है. अब जमशेदपुर प्रधान डाकघर में आधार कार्ड से जुड़े कामों के लिए लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. विभाग की ओर से खास व्यवस्था करते हुए आधार अपडेट और नए आधार निर्माण की सुविधा लगातार 12 घंटे तक उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें.
सुबह 7 से शाम 7 तक सुविधा मिलेगी
इस संबंध में जानकारी देते हुए पोस्टल असिस्टेंट अवधेश कुमार, जमशेदपुर प्रधान डाकघर ने बताया कि अब नागरिक सुबह 07:00 बजे से शाम 07:00 बजे तक लगातार आधार सेवा का लाभ उठा सकते हैं. इस बढ़े हुए समय का उद्देश्य खासकर उन लोगों को राहत देना है, जो नौकरी, व्यवसाय या पढ़ाई के कारण सामान्य समय में आधार से जुड़े काम नहीं करा पाते थे.
मिलेंगी ये सुविधाएं
इस खास अभियान के तहत नागरिकों को आधार कार्ड से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसमें बायोमेट्रिक अपडेट के तहत फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और फोटो अपडेट कराया जा सकता है. वहीं डेमोग्राफिक अपडेट में नाम, जन्म तिथि, लिंग, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी में सुधार की सुविधा भी उपलब्ध है. इसके अलावा जिन बच्चों या अन्य लोगों का अभी तक आधार नहीं बना है, उनके लिए नया आधार पंजीकरण भी किया जा रहा है.
ये डॉक्यूमेंट्स मांगे जा सकते हैं
अवधेश कुमार ने बताया कि आधार में नाम परिवर्तन कराने के लिए वैध दस्तावेज साथ लाना जरूरी होगा. इसके लिए पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान संबंधी दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे. वहीं बच्चों का नया आधार बनवाने के लिए QR कोड युक्त अपडेटेड जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना जरूरी है. जरूरत के अनुसार अन्य पहचान और पता प्रमाण दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं.
आसानी से होगा आधार से जुड़ा काम
डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आधार से जुड़े अपने जरूरी काम लंबित न रखें और इस सुविधा का समय पर लाभ उठाएं. सुबह से शाम तक लगातार सेवा मिलने के कारण अब लोगों को छुट्टी लेने या लंबी कतारों में घंटों इंतजार करने की परेशानी कम होगी.
अगर किसी नागरिक को आधार से जुड़े दस्तावेज, प्रक्रिया या दूसरी जानकारी चाहिए, तो वे सीधे जमशेदपुर प्रधान डाकघर, बिष्टुपुर पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. यह पहल शहरवासियों के लिए आधार सेवाओं को और ज्यादा आसान और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें