![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो भाजपा बोकारो की ओर से चास स्थित दीपांजलि पैलेस में गुरुवार को संविधान हत्या दिवस विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाया गया आपातकाल लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और नागरिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला था। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता बचाने के लिए विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों और पत्रकारों को जेलों में बंद किया गया तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया। उन्होंने आपातकाल के दौरान चलाए गए नसबंदी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासनिक दबाव के जरिए बड़ी संख्या में लोगों की नसबंदी कराई गई, जिससे नागरिक अधिकारों और मानवीय गरिमा का उल्लंघन हुआ। युवा पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास और उसके प्रभावों की जानकारी होना जरूरी है, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरुकता बनी रहे। वर्ष 1977 में जनता ने मतदान के माध्यम से लोकतंत्र की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। कहा कि संविधान की बात करने वाली कांग्रेस ने न तो संविधान का सम्मान किया और न ही डॉ. भीमराव आंबेडकर का उचित सम्मान किया। केंद्र सरकार ने डॉ. आंबेडकर को सम्मान देते हुए उनसे जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को तीर्थस्थल का दर्जा दिया है। वहीं पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि आपातकाल भारतीय संविधान पर लगा एक ऐसा कलंक था, जिसने लोकतांत्रिक व्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाई। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इससे पूर्व आपातकाल से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन बाबूलाल मरांडी, जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राज, पूर्व विधायक बिरंची नारायण, पूर्व सांसद रवीन्द्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, पूर्व जिलाध्यक्ष जयदेव राय, रोहित लाल सिंह, अंबिका खवास प जगरनाथ राम ने संयुक्त रूप से किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राज ने व संचालन जिला महामंत्री संजय सिन्हा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन चास नगर दक्षिणी अध्यक्ष जयप्रकाश तापड़िया ने किया। मौके पर आरती राणा, मुकेश राय, एंजेला सिंह, अर्जुन सिंह, रामलाल सोरेन, अमित सिंह, विवेक सिंह, राकेश मधु, अरविंद राय, विक्रम आदि थे।
Source link