भास्कर न्यूज | डंडई डंडई प्रखंड क्षेत्र के डंडई सदर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैरियादामर में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन बुधवार को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुआ। पुनर्गठन प्रक्रिया की अध्यक्षता मोहम्मद फखरुद्दीन अंसारी ने की। बैठक में उपस्थित सदस्यों एवं अभिभावकों ने सर्वसम्मति से मो.बाबर अली को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष, सीमा देवी को उपाध्यक्ष तथा सकीना बीवी को संयोजिका चुना। चुनाव प्रक्रिया के दौरान विभाग की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में दिलीप कुमार यादव, संजय कुमार पाठक एवं अमरजीत राम मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंबिका मांझी के सहयोग से पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि समिति के 12 सदस्यों में से 11 सदस्यों ने अध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद बाबर अली के पक्ष में समर्थन दिया। एक सदस्य द्वारा प्रारंभिक असहमति जताई गई थी, लेकिन बाद में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर समर्थन प्रदान किया, जिसके बाद निर्विरोध रूप से समिति का गठन पूरा हुआ। अध्यक्ष चुने जाने के बाद मो.बाबर अली ने कहा कि सरकार की मंशा एवं शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यालय की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पुनर्गठन के बाद उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को फूल-माला पहनाकर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कमरुद्दीन अंसारी, नूरे आलम, वकील अंसारी, जावेद अंसारी, जाऊल अंसारी, तौफीक अंसारी, शफीक अंसारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
Source link