![]()
पीईएफआई झारखंड एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति द्वारा आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप के तहत अंडर-15 बालिका वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में आरके पब्लिक स्कूल मझिआंव और बीएसकेडी पब्लिक स्कूल ने अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक अर्जित किए। पहले मुकाबले में आरके पब्लिक स्कूल मझिआंव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डंडई को 1-0 से पराजित किया। मैच के दौरान आरके पब्लिक स्कूल की टीम ने बेहतर तालमेल और रणनीति के साथ खेलते हुए विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। इसी दबाव का लाभ उठाते हुए सरस्वती कुमारी ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। वहीं दूसरे मुकाबले में बीएसकेडी पब्लिक स्कूल ने ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की। इस मैच में बीएसकेडी की ओर से वर्षा रानी ने शानदार गोल कर टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई, जिसे अंत तक बरकरार रखते हुए टीम ने पूरे अंक हासिल किए। प्रतियोगिता का संचालन जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के सहयोग से सुचारू रूप से किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में जिला कोऑर्डिनेटर कमलेश कुमार दुबे, अभिषेक द्विवेदी, धर्मराज, भारती आनंद यादव, फुटबॉल कोच सोनी कुमारी, आशीष कुमार तथा तकनीकी टीम के जिनाहुदीन खान, संजय कुमार, विजय सिंह, रंजन, सोन, सुशील और अल्ताफ का विशेष योगदान रहा। मौके पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी उपस्थित थे। जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
Source link